आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (MI)के कप्तान रोहित शर्मा दुर्भाग्यशाली रहे। उन्हें एलबीडब्ल्यू दिया गया, जबकि वह क्रीज से बहुत बाहर आ गए थे। मोहम्मद कैफ और मुनाफ पटेल जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने फैसले पर सवाल उठाया है। मामले मुंबई की पारी के 5वें ओवर का है। वानिंदु हसरंगा गेंदबाजी कर रहे थे। आखिरी गेंद पर रोहित आगे आकर खेले और गेंद उनके पैड पर लगी। मैदानी अंपायर ने अपील खारिज की तो आरसीबी ने डीआरएस लिया और उन्हें आउट करार दिया गया।

3 मीटर रूल की अनदेखी

रिप्ले में देखा गया कि बॉल और रोहित के बल्ले के बीच कोई संपर्क नहीं था। बॉल लाइन में गिरी थी। बॉल ट्रैकिंग ने गेंद स्टंप्स को हिट करते दिखाया। थर्ड अंपायर ने आउट दिया। इस फैसले से रोहित शर्मा नाराज दिखे। मोहम्मद कैफ और मुनाफ पटेल ने सवाल उठाया। दरअसल, रोहित शर्मा को आउट देते वक्त 3 मीटर रूल की अनदेखी की गई।

क्यों उठ रहे सवाल

आईपीएल प्लेइंग कंडीशन के अपेनडिक्स डी डीआरएस और अंपायर रिव्यू से डील करता है। इसके 3 मीटर क्लॉज के अनुसार गेंद पैड पर लगने के दौरान स्टंप और बल्लेबाज की दूरी 3 मीटर या उससे अधिक होने पर नॉट आउट दिया जाता है। रोहित शर्मा क्रीज से काफी बाहर आ गए थे। यही कारण है कि डीआरएस पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वह खुद भी चकित रह गए थे।

क्या कहा मोहम्मद कैफ और मुनाफ पटेल ने?

मोहम्मद कैफ ने रोहित शर्मा के क्रीज से बाहर होने की फोटो शेयर की और लिखा, ” हैलों डीआरएस, ये थोड़ा ज्यादा नहीं हो गया? ये एलबीडब्ल्यू कैसे हो सकता है?” वहीं, मुनाफ पटेल ने भी फोटे ट्वीट किया और लिखा, ” लगता है अब डीआरएस बोल्ड डीआरएस होना चाहिए। दुर्भाग्यशाली रोहित शर्मा। क्या बोलती पब्लिक, ये आउट है या नहीं? “