इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ रिंकू सिंह ने ‘अनहोनी को होनी’ कर दिया। आखिरी ओवर में 29 रन की जरूरत थी। उन्होंने यश दयाल को 5 छक्के जड़कर गुजरात के जबड़े से जीत छीन ली। उनकी बल्लेबाजी राशिद खान की हैट्रिक, विजयशंकर, साई सुदर्शन और वेंकटेश अय्यर की बेहतरीन पारी पर भारी पड़ी। चारों ओर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज की चर्चा है। यह पहला ऐसा अवसर नहीं है जब रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में ‘अनहोनी को होनी’ में बदलने की कोशिश की हो।

पिछले साल लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वह आखिरी ओवर में 21 रन बनाने के करीब पहुंचकर चूक गए थे। रिंकू इस मैच को नहीं भूले थे। इसी मैच की वजह से उन्हें भरोसा था कि वह यश दयाल के ओवर में 29 रन बना सकते हैं। प्लेयर ऑफ द मैच चुनने के बाद उन्होंने इस मैच का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हे भरोसा था कि वह कोलकाता को जीत दिला सकते हैं।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats
Kolkata Knight Riders Team 2023 Players List

शॉट एक के बाद एक लगते गए

रिंकू सिंह ने मैच के बाद कहा, ” मुझे विश्वास था कि मैं यह कर सकता हूं। पिछले साल मैं लखनऊ के खिलाफ ऐसी ही स्थिति में था। विश्वास तब भी था। ज्यादा नहीं सोचा। वो शॉट एक के बाद एक लगते गए। आखिरी गेंद बैक ऑफ द हैंड थी और मैंने बैकफुट पर उसे मारा।” रिंकू ने आखिरी गेंद को यश दयाल के सिर के ऊपर से मारा। वह आईपीएल में आखिरी ओवर में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने वाले बल्लेबाज बने।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रिंकू की पारी

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वह ऐसा करने से चूक गए थे। दोनों टीमों का आईपीएल 2022 में आखिरी मैच था। 211 रन के टारगेट के जवाब में आखिरी ओवर में कोलकाता को जीत के लिए 21 रन की दरकार थी। रिंकू सिंह ने मार्कस स्टोइनिस की पहली तीन गेंदों पर 16 रन जड़कर उम्मीद जगाई थी। चौथी गेंद पर उन्होंने 2 रन लिए औ टीम को 2 गेंद पर 3 रन की जरूरत थी। 5वीं गेंद पर कहानी पलट गई। रिंकू ने ऑफ स्टंप के बाहर लेंथ बॉल को कवर की दिशा में उठा खेला। डीप पॉइंट से भागते हुए एविन लुईस ने ड्राइव लगाते हुए एक हाथ से कैच पकड़ा और कोलकाता की टीम 3 रन से हार गई।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में रिंकू सिंह की आखिरी ओवर में बल्लेबाजी

कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में रिंकू सिंह ने 19वें ओवर की आखिरी 2 गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा। 20वें ओवर में टीम को 29 रन की जरूरत थी। उमेश यादव ने पहली गेंद पर एक रन लिया और रिंकू ने इसके बाद यश दयाल के खिलाफ लगातार पांच छक्के जड़ 21 गेंद में 48 रन की पारी से टीम के यादगार जीत दिलाई।