Rinku Singh: कोलकाता नाइट राइडर्स का सफर इस बार कुछ खास नहीं रहा था लेकिन धीरे-धीरे वह प्लेऑफ की रेस में लौट चुकी है। टीम 11 मैचों में 10 अंकों के साथ फिलहाल पांचवें स्थान पर है। केकेआर के लिए इस सीजन की सबसे बड़ी खोज रहे हैं रिंकू सिंह जो कि बतौर फिनिशर टीम के लिए मैच विनर साबित हुए हैं। इस खिलाड़ी ने कुछ ऐसा किया जो कि महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज फिनिशर 15 सीजन में भी नहीं कर पाए।
रिंकू सिंह ने फिर आखिरी गेंद पर दिलाई जीत
सोमवार को पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमों का आमना-सामना हुआ था। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 179 रन बनाए। जवाब में केकेआर ने 19 ओवर में 174 रन बना लिए थे। आखिरी गेंद पर टीम को जीत के लिए दो रन चाहिए थे। रिंकू सिंह स्ट्राइक पर थे और उन्होंने चौका लगाकर टीम की जीत तय की।
दूसरी बार मैच विनर बने रिंकू सिंह
यह इस सीजन में दूसरा मौका था जब रिंकू सिंह ने आखिरी गेंद पर जाकर केकेआर को जीत दिलाई। वह लीग के इतिहास में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने। इससे पहले उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर की आखिरी पांच गेंदों में पांच छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाई थी।
रिंकू सिंह ने धोनी को भी छोड़ा पीछे
रिंकू सिंह ने जो कारनामा इस सीजन में करके दिखाया वह धोनी 15 सीजन में भी नहीं कर सके। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को कभी भी एक सीजन में दो बार आखिरी गेंद पर जीत नहीं दिलाई। हालांकि चेन्नई की टीम आखिरी गेंद पर सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम है।
चेन्नई है आखिरी गेंद पर मैच जीतने में माहिर
चेन्नई सुपर किंग्स ने अब तक 8 बार आखिरी गेंद पर जीत हासिल की है। इसके बाद दूसरे नंबर पर है मुंबई इंडियंस जिन्होंने सात बार इस अंदाज में रोमांचक जीत हासिल की। पंजाब किंग्स और केकेआर ने भी 4-4 बार मैच आखिरी गेंद पर जीते हैं। इसके बाद केकेआर का नंबर आता है जिन्होंने तीन बार आखिरी गेंद पर मैच जीते जिसमें से दो बार रिंकू सिंह फिनिशर साबित हुए।