चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के 5वीं बार चैंपियन बने के साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) का समापन हो गया। 16 साल के इतिहास में शायद ही कोई सीजन इतना रोमांचक रहा हो। आखिरी लीग मैच तक प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमें तय नहीं हुई थीं। इसके अलावा 200+ के टारगेट काफी आसानी से चेज हुए। प्लेऑफ में पहली बार किसी गेंदबाज ने 5 विकेट झटके। आईपीएल 2023 का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच हुआ था। फाइनल भी दोनों के बीच हुआ। ऐसा पहली बार हुआ कि पहले मैच में जो टीमें आमने-सामने थीं वह आखिरी मैच में भी आमने-सामने थीं।
आइए नजर डालते हैं ऐसी चीजों पर जो 16 साल के इतिहास में पहली बार हुआ
- ओपनिंग और फाइनल मैच – आईपीएल 2023 का पहला मैच गुजरात और चेन्नई के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ था। फाइनल भी इसी मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच ही खेला गया था।
- प्लेऑफ में 5 विकेट – मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ एलिमिनेटर में 5 विकेट लिए। पहली बार किसी गेंदबाज ने प्लेऑफ में 5 विकेट झटके। क्वालिफायर 2 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मोहित शर्मा ने भी 5 विकेट लिए।
- शतकों की हैट्रिक- आईपीएल इतिहास में पहली बार हुआ कि एक दिन में तीन शतक लगे। लीग स्टेज के आखिरी दिन 21 मई को मुंबई के कैमरन ग्रीन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शतक जड़ा। आखिरी लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से विराट कोहली और गुजरात की ओर से शुभमन गिल ने शतक लगाया।
- सबसे ज्यादा शतक – आईपीएल 2023 में शतकों की बरसात हुई। पहला शतक सनराइजर्स के हैरी ब्रूक ने लगाया। आखिरी शतक गुजरात के शुभमन गिल ने लगाया। विराट कोहली ने बैक टू बैक दो शतक जड़े। गिल ने 4 मैच में तीन शतक जड़े। इस सीजन कुल 12 बल्लेबाजों ने शतक जड़े। आईपीएल 2022 में 8 शतक लगे थे।
- सबसे ज्यादा 50+ स्कोर – आईपीएल 2023 में 153 बार बल्लेबाजों ने 50+ का स्कोर किए। आईपीएल 2022 में ऐसा 118 बार हुआ था।
- 1100 छक्के- आईपीएल 2023 में 1116 छक्के लगे।एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का यह रिकॉर्ड है। इससे पहले 2022 में 1062 छक्के लगे थे।
- सबसे ज्यादा बार 200 चेज- आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा 37 बार 200+ का स्कोर बना। 8 बार चेज हुआ। साल 2014 में तीन बार ऐसा हुआ था।
- कनक्शन सब्सीट्यूट – क्वालिफायर- 2 में मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर और ओपनर इशान किशन को क्रिस जॉर्डन की कोहनी से आंख में चोट लगी। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। मुंबई आईपीएल इतिहास में कनक्शन सब्सीट्यूट का इस्तेमाल करने वाली पहली टीम बनी। इशान किशन की जगह विष्णु विनोद खेले।
- प्लेऑफ का सबसे बड़ा टोटल – गुजरात टाइटंस ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया। क्वालिफायर- 2 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 ओवर में 3 विकेट पर 233 रन का स्कोर खड़ा किया।
- रिजर्व डे पर फाइनल – आईपीएल 2023 का फाइनल मैराथन रेस की तरह खिंचा। रविवार को बारिश के कारण मैच नहीं हुआ। रिजर्व डे पर मैच खेला गया। इस दिन भी बारिश आई। लीग के इतिहास में पहली बार आईपीएल का फाइनल रिजर्व डे पर खेला गया।