आईपीएल 2023 में शुक्रवार को सूर्यकुमार यादव के शतक की बदौलत मुंबई इंडियंस ने मैच भले ही जीत लिया हो, लेकिन गुजरात टाइटंस के राशिद खान ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया। राशिद ने कल मुंबई के खिलाफ मैच में 32 गेंदों के अंदर 79 रन की तूफानी पारी खेली। 246 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए राशिद ने अपनी पारी में 3 चौके और 10 छक्के लगाए। हालांकि उनकी पारी गुजरात को जीत नहीं दिला पाई।
राशिद को लेकर मुंबई ने किया ट्वीट
जीत भले ही मुंबई की हुई हो, लेकिन राशिद की आतिशी पारी को दर्शकों ने खूब एन्जॉय किया। राशिद खान की इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने मुंबई इंडियंस को भी परेशान कर दिया था। राशिद की कल की पारी को लेकर मुंबई इंडियंस एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में कहा गया है, “हम एक परिवार हैं न राशिद भाई? फिर ऐसा क्यों किया?”
एमआई के कप्तान हैं राशिद
आपको बता दें कि राशिद खान ने उसी मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह विस्फोटक पारी खेली, जिसके लिए वह दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग में खेलते हैं। जी हां, राशिद खान दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग की फ्रेंचाइजी एमआई केपटाउन के कप्तान हैं और यह फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस की ही है। मुंबई ने उसी कनेक्शन को जोड़ते हुए यह ट्वीट किया है। एमआई केपटाउन इसी साल से शुरू हुई दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग की टीम है।