MI vs KKR: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की टीम रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना करने उतरेगी। लगातार दो मैच में हार के बाद मुंबई को सीजन की पहली जीत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली। ये मैच 11 अप्रैल को खेला गया था और अब पांच दिन के आराम के बाद ये टीम अपने घर पर केकेआर का सामना करेगी। मुंबई इंडियंस के लिए ये मैच काफी खास है जिसके लिए उन्होंने खास तैयारी की है।

गर्ल्स चाइल्ड को समर्पित है मैच

मुंबई इंडियंस अपना ये मुकाबला गर्ल्स चाइल्ड को समर्पित कर रही है। इसके लिए उन्होंने कई खास इंतजाम भी किए हैं। मुंबई इंडियंस के सभी खिलाड़ी इस खास मौके पर महिला टीम के डिजाईन की जर्सी पहनेंगे। फ्रैंचाइजी ने इस मुकाबले का एक भी टिकट नहीं बेचा है।

इसके उलट उन्होंने 36 एनजीओ की 19 हजार बच्चियों को मुफ्त में ये मैच दिखाने का फैसला किया है। इस दिन को एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स फॉर ऑल का नाम दिया गया है। ये रिलाइंस फाउंडेशन की पहल है जो कि मुंबई इंडियंस की मालिक है।

टॉस के समय नजर आएंगी हरमनप्रीत कौर

इन सबके अलावा फैंस को टॉस के समय भी खास नजारा देखने को मिलेगा। रविवार को दोपहर में होने वाले इस मैच के टॉस के लिए मुंबई इंडियंस के दोनों कप्तान मैदान पर उतरेंगे। रोहित शर्मा के साथ-साथ महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत भी मौजूद होंगी।

मुंबई इंडियंस के कोच मार्क बाउचर, मुंबई इंडियंस की महिला टीम की गेंदबाजी कोच झूलन गोस्वामी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लड़कियां खेल की दुनिया में करियर बनाने के लिए प्रेरित होंगी।

मुंबई इंडियंस के लिए निराशाजनक रहा था पिछला सीजन

लीग की सबसे कामयाब टीम और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए पिछला सीजन बहुत निराशाजनक रहा था। टीम 14 में से केवल चार ही मैच जीत पाई थी और अंकतालिका में 10वें स्थान पर रही थी। हालांकि इस बार टीम वो सब भुलाकर नई शुरुआत करने उतरी है। बिना जसप्रीत बुमराह के टीम को कमजोर माना जा रहा था लेकिन रोहित शर्मा कई बार कह चुके हैं कि उनकी टीम खिताब की प्रबल दावेदार हैं और वो इस बात को साबित करके दिखाएंगे।