आईपीएल 2023 में आज मुंबई इंडियंस का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से है। टूर्नामेंट में आगे जाने के लिए मुंबई को आज हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, लेकिन इस मैच के आगाज से पहले टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह क्रिस जॉर्डन को टीम में शामिल कर लिया गया है। हालांकि क्रिस जॉर्डन मुंबई इंडियंस के साथ कुछ दिन पहले ही जुड़ गए थे, लेकिन आधिकारिक घोषणा अब की गई है।
आर्चर का जाना मुंबई के लिए झटका नहीं बल्कि राहत
जोफ्रा आर्चर का मुंबई इंडियंस से बाहर होना भले ही एक झटका कहा जाए, लेकिन उनके प्रदर्शन को अगर देखें तो यह मुंबई के लिए राहत है, क्योंकि 8 करोड़ के जोफ्रा आर्चर इस सीजन में अभी तक बहुत महंगे साबित हुए हैं। आर्चर ने इस सीजन के 5 मैचों में सिर्फ 2 विकेट लिए हैं और 9.50 की इकॉनोमी से रन दिए हैं। वहीं पिछला सीजन वह चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे।
मुंबई को 16 करोड़ के पड़े आर्चर के 2 विकेट
मुंबई इंडियंस ने आर्चर को 2022 मेगा ऑक्शन में 8 करोड़ रुपए में खरीदा था। जिस वक्त आर्चर 8 करोड़ में बिके थे उस समय वह चोटिल थे, लेकिन मुंबई ने फिर भी उन्हें खरीद लिया था। ऑक्शन के बाद आर्चर की चोट ठीक नहीं हुई और वह पूरा सीजन बाहर ही रहे। पिछले साल एक भी मैच नहीं खेलने के बाद भी आर्चर को पूरा पेमेंट हुआ था और इस साल भी उन्हें पूरा पेमेंट हुआ। ऐसे में देखा जाए तो मुंबई को आर्चर के सिर्फ 2 विकेट 16 करोड़ के पड़ गए।
30 लाख के अर्जुन ने की आर्चर से अच्छी गेंदबाजी
जोफ्रा आर्चर पर मुंबई ने इतनी मोटी रकम खर्च की, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से काफी निराश किया। वहीं 20-30 लाख रुपए में बिकने वाले खिलाड़ी मुंबई के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। अर्जुन तेंदुलकर का नाम भी ऐसे खिलाड़ियों में है। अर्जुन ने अपना आईपीएल डेब्यू कर लिया है और वह अभी तक सीजन के 4 मैच खेल चुके हैं। अर्जुन ने 4 मैचों में 3 विकेट हासिल किए हैं। अर्जुन को मुंबई ने 30 लाख रुपए में खरीदा था।
IPL Teams 2023 |
IPL 2023 Schedule |
IPL Points Table |
IPL Stats |