आईपीएल 2023 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने बीती रात गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर आईपीएल का पांचवां टाइटल अपने नाम कर लिया। बारिश से प्रभावित यह मैच रात करीब डेढ़ बजे तक चला और अवॉर्ड सेरेमनी खत्म होते-होते रात के 3 बज गए। अवॉर्ड सेरेमनी खत्म होने के बाद सभी खिलाड़ी या तो ड्रेसिंग रूम में या फिर होटल के लिए रवाना हो चुके थे, लेकिन ग्राउंड में दर्शक उस वक्त भी मौजूद थे। ऐसे समय में सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रात 3:30 बजे के करीब उन फैंस का शुक्रिया अदा करने के लिए ग्राउंड पर उतरे।
देर रात ग्राउंड पर अकेले दिखे धोनी
धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें माही मैच खत्म होने के बाद ग्राउंड पर वापस आए। रात 3:30 बजे के करीब धोनी ग्राउंड का चक्कर लगाकर फैंस का शुक्रिया अदा करते दिखे। वीडियो में देखा जा सकता है कि धोनी के ग्राउंड पर आते ही स्टेडियम में फिर से शोर गूंज उठा और धोनी-धोनी की नारेबाजी होने लगी। धोनी जिस वक्त फैंस का आभार प्रकट कर रहे थे उस वक्त ग्राउंड कवर्स से ढका हुआ था।
धोनी ने फैंस को भी दी खुशखबरी
वीडियो में दिख रहा है कि धोनी के साथ कोई भी खिलाड़ी नहीं था बस कैमरामैन की एक टीम उनके साथ चल रही थी। माही ने एक बार फिर फैंस के लिए अपना बड़ा दिल दिखाकर यह साबित कर दिया वह अपने फैंस की कद्र करते हैं और उनसे बहुत प्यार भी करते हैं। धोनी ने मैच के बाद फैंस के लिए भी एक खुशखबरी दी थी। माही ने यह साफ कर दिया था कि वह अभी तो संन्यास नहीं ले रहे हैं। माही ने अगले साल भी आईपीएल खेलने के संकेत दिए थे।
दीपक का भांगड़ा भी हुआ वायरल
आपको बता दें कि गुजरात के खिलाफ मिली जीत के बाद एक तरफ धोनी रात 3:30 बजे ग्राउंड पर फैंस का शुक्रिया अदा कर रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ सीएसके के तेज गेंदबाज दीपक चाहर होटल में भांगड़ा करते दिखे। दीपक का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भांगड़ा कर रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि होटल में रिसेप्शन के पास ढोल बज रहे थे और दीपक चाहर अपने फ्लोर की बालकनी में खड़े होकर भांगड़ा करने लगे। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ थी।