MS Dhoni Injury: चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को आईपीएल 2023 में दूसरी हार मिली। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में टीम जीत की हैट्रिक लगाने के करीब थी लेकिन आखिरी गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी छक्का नहीं लगा सके और टीम मुकाबला हार गई। चेन्नई को भले ही जीत न मिली हो लेकिन उनके ‘थाला’ के फॉर्म ने उन्हें जरूर खुश कर दिया।
धोनी को घुटने में लगी है चोट
महेंद्र सिंह धोनी ने इस मैच में 17 गेंदों में 32 रन बनाए। उनकी इस पारी में तीन छक्के और एक चौका लगाया। मैच के बाद टीम के कोच स्टेफन फ्लेमिंग ने बताया कि धोनी घुटने की चोट से परेशान हैं लेकिन इसके बावजूद वो टीम को जिताने के लिए जान लगा रहे है। चोट का असर धोनी के खेल पर नजर आ रहा है जो कि विकेट्स के बीच भागते हुए सहज नजर नहीं आ रहे थे।
फ्लेमिंग ने धोनी की तारीफ की
फ्लेमिंग ने मैच के बाद धोनी की तारीफ करते हुए कहा, ‘वह टूर्नामेंट से एक महीने पहले आ जाते हैं। रांची में वह थोड़ा बहुत अभ्यास करते हैं लेकिन प्री सीजन फिटनेस चेन्नई में ही होती है। वो फॉर्म में आते हैं और फिर अच्छा खेल दिखाते हैं। इसलिए हमें उनकी चिंता नहीं होती है कि वो कैसे मैनेज करेंगे। वो बहुत प्रोफेशनल हैं और महान खिलाड़ी हैं।’
चेन्नई के चोटिल खिलाड़ियों की लंबी लिस्ट
धोनी के लिए मुश्किल ये है कि उनकी टीम की इंजरी लिस्ट इतनी लंबी है कि वो खुद किसी मैच में आराम लेने के बारे में सोच भी नहीं सकते। टीम के गेंदबाज खासतौर पर उनके लिए सिरदर्द बन हुए हैं। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज सिसांडा मागाला बुधवार को दो ओवर डालकर मैदान से बाहर चले गए थे। काइल जैमिसन भी पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं।
टीम के युवा खिलाड़ी सिमरजीत सिंह भी चोट से पूरी तरह उबरे नही हैं। इसके अलावा बेन स्टोक्स भी अपने घुटने की चोट से परेशान चल रहे हैं। मोइन अली ने भी मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेले थे।
चेन्नई के पास खिलाड़ियों की कमी
टीम के खिलाड़ियों के चोटिल होने को लेकर फ्लेमिंग ने कहा, ”मगाला को हाथ में चोट लगी है। हमारे लिए ये एक और झटका है। कुछ ही मैच हुए हैं और हमारे कई खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। हमारे पास बहुत कम विकल्प हैं लेकिन ये सिर्फ हमारी कहानी नहीं है।”