इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में शुक्रवार को सूर्यकुमार यादव की बेहतरीन पारी के बदौलत मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 5 विकेट पर 218 रन का पहाड़ सा लक्ष्य खड़ा किया। रोहित शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार और टिम डेविड जैसे बल्लेबाजों से सजी 5 बार की चैंपियन टीम इस सीजन 200 से ऊपर का स्कोर आसानी से खड़ा कर दे रही है। टीम ने इस सीजन 5वीं बार 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है। वह ऐसा करने वाली आईपीएल इतिहास की पहली टीम है।

मुंबई इंडियंस ने इसके अलावा गुजरात टाइटंस के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। उसने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का रिकॉर्ड तोड़ा, जिसने चेज करते हुए 7 विकेट पर 207 रन बनाए थे। यह वही मैच है, जिसमें रिंकू सिंह ने यश दयाल के ओवर में 5 छक्के जड़कर असंभव जीत दिलाई थी। इससे पहले कभी भी गुजरात के खिलाफ 200 से ऊपर का स्कोर नहीं बना था।

बड़े स्कोर की नींव इशान किशन और रोहित शर्मा ने रखी

गुजरात टाइटंस के खिलाफ साल 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट पर 195 रन बनाए थे। पंजाब किंग्स 9 विकेट पर 189 रन बनाए थे। डिफेंडिंग चैंपियन के खिलाफ मुंबई इंडियंस की इस बड़े स्कोर की नींव ओपनर इशान किशन और कप्तान रोहित शर्मा ने रखी। इशान ने 20 गेंद पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 31 रन बनाए। वहीं रोहित शर्मा ने 18 गेंद पर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 29 रन बनाए।

राशिद खान के अलावा नहीं चला गुजरात टाइटंस का गेंदबाज

इसके अलावा नेहल वढेरा ने 7 गेंद पर 15 रन बनाए। विष्णु विनोद ने 20 गेंद पर 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 30 रन बनाए। गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद खान के अलावा किसी गेंदबाज ने अच्छी गेंदबाजी नहीं की। उन्होंने 30 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं मोहित शर्मा ने 43 रन देकर 1 विकेट लिया। मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में 53 रन लुटाए। नूर अहमद ने 4 ओवर में 38 रन दिए। अल्जारी जोसेफ ने 4 ओवर में 52 रन खर्चे।