आईपीएल 2023 के आगाज से पहले हुई मिनी ऑक्शन में तमाम फ्रेंचाइजियों ने विदेशी और देसी खिलाड़ियों को खूब ऊंचे भाव में खरीदा था। अब जब टूर्नामेंट का आगाज हो गया है और लगभग सभी टीमों ने 3-3 मैच खेल लिए हैं तो यही महंगे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इन खिलाड़ियों का वही हाल है कि ‘नाम बड़े और दर्शन छोटे’। जी हां, आईपीएल 2023 के लिए हुई मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी अभी तक बेदम नजर आए हैं। ऐसे में उनकी फ्रेंचाइजी तगड़े घाटे में जाती दिख रही है।
सबसे महंगे थे सैम करन, लेकिन प्रदर्शन सबसे ‘सस्ता‘
मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन फ्लॉप खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे उपर हैं। सैम करन पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 18.50 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन यह खिलाड़ी अपनी फ्रेंचाइजी को चूना लगा रहा है। दरअसल, सैम करन आईपीएल 2023 में अभी तक 3 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 26 रन बनाए हैं और 1 विकेट हासिल किया है।
13.25 करोड़ रुपए में बिके थे हैरी ब्रूक
अपनी फ्रेंचाइजी का घाटा कराने वाले खिलाड़ियों में दूसरा नाम सनराइजर्स हैदराबाद के हैरी ब्रूक का है, जिन्हें काव्या मारन ने 13.25 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीदा था। इस खिलाड़ी का बेस प्राइज 1 करोड़ रुपए था, लेकिन हैदराबाद ने इसे अपनी टीम में शामिल करने के लिए राजस्थान रॉयल्स से भिड़ना पड़ा था। राजस्थान रॉयल्स ब्रूक पर 13 करोड़ रुपए तक की बोली लगा दी थी। इंग्लैंड का यह युवा बल्लेबाज अभी तक आईपीएल में कुछ खास नहीं कर पाया है। 3 मैचों में हैरी ब्रूक ने 10 से भी कम औसत से 29 रन बनाए हैं। इस हिसाब से हैदराबाद को अभी तक हैरी ब्रूक के 29 रन 2.84 करोड़ रुपए के पड़े हैं।
बेन स्टोक्स की टीम बदली, लेकिन प्रदर्शन वही पुराना
इंग्लैंड को दो बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभा चुके बेन स्टोक्स को मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। वह ऑक्शन के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी थे, लेकिन टीम बदलने के बाद भी उनकी प्रदर्शन वहीं पुराना नजर आया है। स्टोक्स आईपीएल के दो मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने सिर्फ 15 रन बनाए हैं और एक भी विकेट हासिल नहीं किया है। इतना ही नहीं बेन स्टोक्स अब चोट के कारण अगले कुछ मैचों के लिए टीम से बाहर भी हो गए हैं। ऐसे में चेन्नई के लिए यह दोहरा झटका है।
कैमरून ग्रीन भी रहे हैं फ्लॉप
इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन का भी नाम है। ग्रीन को मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ की भारी रकम देकर अपने खेमें में शामिल किया था। कैमरून ग्रीन अभी तक आईपीएल के 2 मैचों में सिर्फ 17 ही रन बना पाए हैं। वहीं उन्होंने एक विकेट हासिल किया है। कैमरून ग्रीन पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले थे।