आईपीएल के 16वें सीजन की शुरुआत 31 मार्च से होगी और इसमें अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। चार साल के बाद ये कैश-रिच लीग अपने मूल होम एंड अवे फॉर्मेट में वापसी करेगी। आईपीएल 2023 के लिए मिनी नीलामी का आयोजन पिछले साल कोच्चि में किया गया था और इसमें दसों फ्रेंचाइजी ने कई विदेशी और भारतीय खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया था।

उस नीलामी में सबसे महंगे 23 वर्षीय ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन बिके थे जिसे मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये देकर खरीदा था। ग्रीन दाएंं हाथ के बल्लेबाज हैं और मध्यम गति के तेज गेंदबाज भी हैं। वो इस साल आईपीएल में डेब्यू करेंगे और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ईशान किशन से भी ज्यादा कमाएंगे। आपको बता दें कि ग्रीन ने भारत के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक लगाया था और 114 रन बनाए थे।

रोहित शर्मा से ज्यादा कमाएंगे कैमरन ग्रीन

35 साल के रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के साथ 2011 से जुड़े हुए हैं और उन्हें एमआई के मालिकों ने 16 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, लेकिन अपने पहले ही सीजन में 23 साल के ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर कैमरन ग्रीन अपनी टीम के कप्तान रोहित शर्मा से ज्यादा कमाएंगे। ग्रीन इस समय भारत के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रहे हैं। ग्रीन ना सिर्फ मुंबई इंडियंस के इतिहास में सबसे अधिक भुगतान पाने वाले खिलाड़ी हैं बल्कि आईपीएल इतिहास के अब तक के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी भी हैं। ग्रीन और रोहित शर्मा के अलावा मुंबई की टीम के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन हैं। 24 साल के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को 2022 की मेगा नीलामी में मुंबई ने 15.25 करोड़ रुपये में साइन किया था।

2022 में मुंबई ने किया था निराश

ईशान किशन ने पिछले सीजन में मुंबई के लिए 14 मैचों में 418 रन बनाए थे और इस टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता नहीं था और इसके लिए उनकी आलोचना भी की गई थी। पिछले सीजन में मुंबई की टीम ग्रुप स्टेज से आगे हीं बढ़ पाई थी। पिछले सीजन में ये टीम अंकतालिका में सबसे निचले यानी 10वें नंबर पर रही थी और इस टीम ने 14 में से सिर्फ 4 मैचों में ही जीत दर्ज की थी। हालांकि मुंबई की टीम इस लीग की सबसे सफल टीम है और अब तक रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच बार चैंपियन बन चुकी है। अब एक बार फिर से इस टीम पर अपनी पिछली सफलता को दोहराने का दवाब होगा।