Indian Premier League 2023, DC vs GT Match: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के 7वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को भले ही गुजरात टाइटंस के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन एनरिक नॉर्खिया अपनी तेज गेंदबाजी से प्रशंसकों का दिल जीतने में सफल रहे। छह महीने बाद भारत आए साउथ अफ्रीका के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट झटका।

एनरिक नॉर्खिया ने ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल की गिल्लियां बिखेरकर पवेलियन की राह दिखाई। एनरिक नॉर्खिया ने इससे पहले भारत में अपना आखिरी मैच 11 अक्टूबर 2022 को दिल्ली में ही खेला था। उस मैच में नॉर्खिया ने 5 ओवर में 15 रन दिए थे, लेकिन एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हुए थे।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 18.1 ओवर में 4 विकेट पर 163 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। दिल्ली की ओर से पहला ओवर खलील अहमद ने किया। दूसरा ओवर मुकेश कुमार लेकर आए।

शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा ने दो ओवर में 22 रन ठोक दिए। इसके बाद डेविड वार्नर ने तीसरे ओवर के लिए एनरिक नॉर्खिया को गेंद थमाई। नॉर्खिया ने कप्तान के फैसले पर खरा उतरते हुए तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर ऋद्धिमान साहा को बोल्ड कर दिया। नॉर्खिया की इस गेंद की रफ्तार 143.5 किमी प्रति घंटा थी। साहा 7 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए।

एनरिक नॉर्खिया यही नहीं रुके। उन्होंने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर शुभमन गिल के विकेट की गिल्लियां बिखेर दीं। नॉर्खिया की इस गेंद की रफ्तार 148.8 किमी प्रति घंटे की थी। गिल 13 गेंद में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल के बोल्ड होने का वीडियो टूर्नामेंट के डिजिटल ब्राडकॉस्टर जियो सिनेमा (Jio Cinema) ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। नीचे वीडियो में आप भी शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा को एनरिक नॉर्खिया की गेंद पर बोल्ड होते देख सकते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल करने के साथ ही गुजरात टाइटंस आईपीएल 2023 की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई। उसके 2 मैच में 4 अंक हो गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स 8वें नंबर पर है। उसका अब तक खाता नहीं खुला है।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats