इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ पंजाब किंग्स (PBKS) के तेज गेंदबाज अर्धशदीप सिंह ने सिर्फ 2 ओवर किए। उन्होंने न तो नई गेंद से गेंदबाजी की और न ही उन्होंने डेथ ओवर में गेंदबाजी की। हरप्रीत बरार ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ पारी के अंतिम ओवर में गेंदबाजी की और 23 रन दिए। इसके बाद मोमेंटम दिल्ली की ओर शिफ्ट हो गया।

अर्शदीप सिंह का ठीक से इस्तेमाल न करने पर टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने पंजाब किंग्स पर निशाना साधा है। उन्होंने टीम मैनेजमेंट से सावल किया है कि क्यों तेज गेंदबाज दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें कप्तान का कोई रोल नहीं है। दिल्ली के खिलाफ अर्शदीप ने 2 ओवर में 21 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया।

आकाश चोपड़ा का ट्वीट

आकाश चोपड़ा ने ट्वीट करके कहा, “अर्शदीप ने इस टूर्नामेंट की शुरुआत पर्पल कैप की दौड़ में होने के साथ की थी… वह अब नई गेंद से गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। डेथ ओवर में भी बॉलिंग नहीं कर रहे। मुझे लगता है कि इसमें कप्तान का कोई लेना देना नहीं है। पंजाब की टीम प्रबंधन को यह बताना चाहिए कि अर्शदीप को क्यों दरकिनार किया जा रहा है।”

पंजाब को 15 रन से हार का सामना करना पड़ा

पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 213 रन बनाए। रिले रोसौव ने 37 गेंद पर 82 रन बनाए। वहीं पृथ्वी शॉ ने शानदार वापसी करते हुए 38 गेंद पर 54 रन बनाए। डेविड वार्नर ने 31 गेंद पर 46 रन बनाए। पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 198 रन बनाए। लियाम लिविंगस्टोन ने 48 गेंद पर 94 रन बनाए। वहीं अथर्व तायडे ने 42 गेंद पर 55 रन बनाए। वह रिटायर्ड आउट हुए। पंजाब को 15 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं धुंधली हो गईं।