आईपीएल 2022 (IPL 2022) की शुरुआत बस होने वाली है। उससे पहले सभी टीमें तैयार हैं और कप्तान व कोच द्वारा वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और कोच महेला जयवर्धने ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान रोहित शर्मा ने गुजरात टाइटंस के कप्तान और अपने आईपीएल के पूर्व साथी हार्दिक पंड्या को भी याद किया।
पांच बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस ने इस बार अपनी नई टीम के साथ कमर कस ली है। इस टीम में रिटेन खिलाड़ियों के अलावा ज्यादातर नए और युवा खिलाड़ी दिखाई देंगे। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह साफ कर दिया है कि वह पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने बताया है कि वह इशान किशन के साथ इस सीजन में पारी की शुरुआत करेंगे।
रोहित ने हार्दिक पंड्या को किया याद
कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पंड्या के योगदान को याद करते हुए कहा कि,’निसंदेह हार्दिक हमारी टीम का अहम हिस्सा थे। लेकिन यह नियम ही ऐसे हैं कि हम सभी खिलाड़ियों को अपने साथ नहीं रख सकते। उन्होंने जो हमारे लिए योगदान दिया है उसे भूला नहीं जा सकता। उन्होंने हमेशा हमारी सफलताओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’
हिटमैन ने आगे कहा कि,’अब उनके लिए यह नया चैलेंज होगा। वह अब एक टीम के कप्तान हैं। यह रोल उनके लिए एक नई चुनौती है। लेकिन उन्हें पीछे जो भी रोल मिला है उसे उन्होंने बखूबी से निभाया है। हर इंसान वह रोल नहीं प्ले कर सकता। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।’
इशान किशन बनेंगे रोहित शर्मा के पार्टनर
रोहित शर्मा ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह स्पष्ट किया कि वह इशान किशन के साथ इस सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए पारी की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि,’मैं ओपनिंग ही करूंगा और मैं पिछले कुछ सालों से यही करता आया हूं। इस सीजन में मेरे साथ इशान किशन पारी की शुरुआत करने उतरेंगे।’
मुंबई के होम एडवांटेज वाले सवाल पर रोहित बोले कि,’मुझे उम्मीद है कि आपने नीलामी देखी होगी। यह अपेक्षाकृत नई टीम है। टीम में कई नई खिलाड़ी आये हैं, इसलिए मुझे नहीं लगता कि यहां मैच खेलने से हमें कोई अतिरिक्त फायदा मिलेगा क्योंकि टीम के 70 या 80 प्रतिशत खिलाड़ी इससे पहले मुंबई में नहीं खेले हैं। इसलिए अतिरिक्त फायदे वाली जैसी कोई बात नहीं है।’
सूर्यकुमार यादव फिट या अनफिट?
मुंबई इंडियंस के अहम खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव की फिटनेस को लेकर भी रोहित शर्मा ने बातचीत की। उन्होंने कहा कि,’सूर्या अभी भी नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में है। उनकी रिकवरी अच्छी है। वह जल्द यहां होंगे। लेकिन मैं अभी नहीं बता सकता कि वह पहले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं लेकिन हम कोशिश कर रहे हैं कि वह जल्द से जल्द टीम से जुड़ जाएं।’
गौरतलब है कि आईपीएल 2022 की शुरुआत 26 मार्च से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगी। इस सीजन के सभी 70 लीग मुकाबले महाराष्ट्र में होंगे। 55 मैच मुंबई में खेले जाएंगे और 15 मैच पुणे में होंगे। मुंबई इंडियंस अपना पहला मैच 27 मार्च रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी।