ऑलराउंडर क्रिकेटर रविंद्र जडेजा ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की कप्तानी छोड़ दी है। विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धौनी एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगे। फ्रेंचाइजी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। बता दें कि आईपीएल 2022 से पहले जडेजा को टीम का कप्तान बनाया गया था। सत्र में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। पिछले साल ट्रॉफी जीतने वाली टीम केवल दो मैच ही अबतक जीत पाई है और अंक तालिका में 9वें स्थान पर है। टीम का प्लेऑफ में पहुंचना भी लगभग असंभव है। इस बीच जडेजा नें कप्तानी छोड़ दी है।

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय धोनी ने टीम के हित में सीएसके का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी और जडेजा को अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए स्वीकार कर ली है। कप्तानी ने जडेजा के खेल को प्रभावित किया है। वह इस सीजन में अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने 8 मैचों में सिर्फ 112 रन बनाए हैं। गेंद से भी वह जूझते दिखे हैं। टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ 5 विकेट चटकाए हैं।

सीएसके ने एक बयान में कहा ,‘‘ रविंद्र जडेजा ने कप्तानी छोड़कर अपने खेल पर ध्यान देने का फैसला किया है। उन्होंने एमएस धोनी से टीम की कप्तानी करने का आग्रह किया। धोनी ने हितों को देखते हुए इस अनुरोध का मान लिया, ताकि जडेजा अपने खेल पर फोकस कर सकें।’’

आईपीएल 2022 से पहले धोनी ने नेतृत्व के सहज परिवर्तन सुनिश्चित करने के लिए कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था और जडेजा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। गौरतलब है कि चेन्नई के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा प्लेऑफ (11) और फाइनल (9) खेलने का रिकॉर्ड है। धोनी की अगुवाई में टीम 4 बार चैंपियन बनी है।

स्पॉट फिक्सिंग कांड के सामने आने के बाद सीएसके को दो साल 2016 और 2017 के लिए बैन कर दिया गया था। यह एकमात्र समय था जब धोनी ने एक अलग फ्रेंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का प्रतिनिधित्व किया। पहले सीज़न में उन्होंने टीम का नेतृत्व किया, लेकिन अगले वर्ष स्टीव स्मिथ ने उनकी टीम की कप्तानी की। इसके बाद साल 2018 में टीम की टूर्नामेंट में वापसी हुई तो वह चैंपियन बनी।

धोनी ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 150.66 के स्ट्राइक रेट से 455 रन बनाए। इससे सीएसके को अपना तीसरा खिताब जीतने में मदद मिली। साल 2021 का सत्र टीम के लिए अच्छा नहीं रहा। इसके बाद टीम 2022 में एक बार फिर विजेता बनी। गौरतलब है कि धोनी रविवार को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में सीएसके कप्तान के रूप में वापसी करेंगे।