IPL 2022 KKR vs MI: कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) ने 6 अप्रैल 2022 की रात पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बल्लेबाजी में इतिहास रचा। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में सबसे कम गेंद में अर्धशतक लगाने वाले विदेशी क्रिकेटर बने। वह आईपीएल में सबसे कम गेंद में अर्धशतक लगाने के मामले में भी केएल राहुल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए। पैट कमिंस ने इसके अलावा क्रिस गेल (Chris Gayle) और विराट कोहली (Virat Kohli) के भी रिकॉर्ड की बराबरी की।
कमिंस की धुआंधार पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइ़डर्स (Kolkata Knight Riders) ने आईपीएल के 14वें मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। मुंबई इंडियंस ने केकेआर को जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य दिया था। आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार है, जब केकेआर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 160 या उससे ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया है।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 9 बार 160 रन से ज्यादा का लक्ष्य दिया था और हर बार शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली फ्रैंचाइजी को हार का स्वाद चखना पड़ा था। पैट कमिंस ने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में विराट कोहली की बराबर की। कमिंस ने आईपीएल में बुमराह के खिलाफ अब तक 5 छक्के लगाए हैं। कोहली ने भी इतने ही छक्के लगाए हैं।
आईपीएल (IPL) में जसप्रीत बुमराह के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम है। डिविलियर्स ने अपने आईपीएल करियर के दौरान बुमराह के खिलाफ 8 छक्के लगाए थे। छह छक्कों के साथ जेपी डुमिनी इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं। कमिंस और कोहली संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं।
पैट कमिंस ने क्रिस गेल की भी बराबरी की। क्रिस गेल और पैट कमिंस दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आईपीएल में एक ओवर में दो बार 30 से अधिक रन बनाए हैं। गेल ने आईपीएल 2011 में पी परमेश्वरन के ओवर में 36 और आईपीएल 2012 में राहुल शर्मा के ओवर में 30 रन बनाए थे। कमिंस ने डैनियल सैम्स के खिलाफ 34 और सैम करन के खिलाफ 30 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया (Australia) की टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी 3 पारियों में 142 रन बनाए हैं। इसमें उनके दो नाबाद अर्धशतक भी शामिल हैं। वह मुंबई के खिलाफ पिछली 3 पारियों में सिर्फ एक बार आउट हुए हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में किसी एक पारी में सबसे ज्यादा औसत से बाउंड्री लगाने के मामले में (कम से कम 50 रन बनाने वाले क्रिकेटर ही शामिल) पैट कमिंस चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मुंबई के खिलाफ मैच में 93% रन बाउंड्री से बनाए। इस मामले में सुरेश रैना शीर्ष पर हैं।
सुरेश रैना ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 87 रन बनाए थे, तब उन्होंने 96% रन बाउंड्री से बनाए थे। आंद्रे रसेल दूसरे नंबर पर हैं। रसेल ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 65 रन की पारी में 95% रन बाउंड्री से बटोरे थे। केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 51 रन की पारी में 94% रन बाउंड्री से हासिल किए थे।