मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) के लिए जोफ्रा आर्चर के उपलब्ध नहीं होने के बावजूद इंग्लैंड के इस तेज गेंदबाज को आठ करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि में खरीदने का कारण बताया है। ऑक्शन के बाद उन्होंने कहा कि, उनकी टीम का हमेशा ‘शॉर्ट-टर्म लक्ष्य और लॉन्ग-टर्म विजन’ होता है।

आपको बता दें कि आर्चर दाईं कोहनी की सर्जरी से उबर रहे हैं और उनका इस सीजन में खेलना लगभग नामुमकिन है। लेकिन इसके बावजूद पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने नीलामी के दूसरे दिन रविवार को इंग्लैंड के इस तेज गेंदबाज के लिए बड़ी बोली लगाई जबकि राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद भी बोली लगाने से पीछे नहीं हटे।

इससे जाहिर होता है कि फ्रेंचाइजी की नजरें आने वाले समय की योजना पर टिकी हैं फिर इसके लिए भले ही आगामी सत्र में उन्हें आर्चर के बिना खेलना पड़े। नीता ने नीलामी के बाद कहा,मुंबई इंडियन्स का हमेशा शॉर्ट-टर्म लक्ष्य और लॉन्ग टर्म विजन होता है। हमने जो खिलाड़ी खरीदे हैं उनमें से कुछ आने वाले समय को देखते हुए खरीदे गए हैं।

इंग्लैंड के एक और खिलाड़ी लियाम लिविंगस्टोन को पंजाब किंग्स ने 11 करोड़ 50 लाख रुपए में खरीदा। लेकिन आर्चर का आठ करोड़ में बिकना हैरानी भरा था। कोहनी की सर्जरी से उबर रहे आर्चर को 2023 और 2024 में खेलने की संभावना को देखते हुए नीलामी में उतरने की स्वीकृति दी गई थी।

इसके अलावा युवा सलामी बल्लेबाज इशान किशन को 15 करोड़ 25 लाख रुपए में खरीदने के बाद मुंबई ने सिंगापुर के टिम डेविड को उनके फिनिशिंग कौशल के कारण आठ करोड़ 25 लाख रुपए में खरीदा। इस साल की नीलामी के संदर्भ में नीता ने कहा, मैं नए सत्र को लेकर रोमांचित हूं लेकिन मैं आपको बता दूं कि बड़ी नीलामी बेहद मुश्किल होती है।

उन्होंने आगे कहा कि, वर्षों से हमारे परिवार का हिस्सा रहे खिलाड़ियों को जाने देना बहुत मुश्किल होता है। हम उन सभी की कमी खलेगी। हार्दिक (पंड्या) हो या कृणाल (पंड्या) या फिर क्विंटन (डिकॉक) या (ट्रेंट) बोल्ट। हमने उन्हें दोबारा खरीदने का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया लेकिन नीलामी में क्या होगा इसकी भविष्यवाणी करना बेहद मुश्किल है। लेकिन हमें जो मिला हम उससे खुश हैं।

साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा को लेकर कहा कि, हम उन्हें शुरुआती तीन सीजन के बाद लाए थे। बाद में वह टीम के कप्तान बने और आज वह टीम इंडिया के भी कप्तान हैं। यह काफी शानदार है। यह हमारे लिए बड़ी बात है। आशा करते हैं कि आने वाले समय में और युवा खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और मुंबई इंडियंस को गर्व महसूस करवाएंगे।

गौरतलब है कि ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने कप्तान रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव, कीरोन पोलार्ड और जसप्रीत बुमराह को रिटेन किया था। इसके अलावा मुंबई ने नीलामी में 21 खिलाड़ियों को खरीदकर 25 अधिकतम खिलाड़ियों का स्क्वॉड पूरा किया। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 के टॉप स्कोरर डेवाल्ड ब्रेविस के साथ-साथ मुंबई ने भारत के युवा खिलाड़ी एन तिलक वर्मा पर भी विश्वास दिखाया।

यह है मुंबई इंडियंस का पूरा स्क्वॉड

रोहित शर्मा (16 Cr), जसप्रीत बुमराह (12 Cr), सूर्यकुमार यादव (8 Cr), कीरोन पोलार्ड (6 Cr), इशान किशन (15.25 Cr), डेवाल्ड ब्रेविस (3 Cr), अनमोलप्रीत सिंह (0.20 Cr), राहुल बुद्धी (0.20 Cr), आर्यन जुयाल (0.20 Cr), बासिल थम्पी (0.30 Cr), मुरुगन अश्विन (1.60 Cr), जयदेव उनादकट (1.30 Cr), मयंक मार्कनडे (0.65 Cr), टाइमल मिल्स (1.50 Cr), राइली मेरिडिथ (1 Cr), एन तिलक वर्मा (1.70 Cr), संजय यादव (0.50 Cr), जोफ्रा आर्चर (8 Cr), डैनियल सैम्स (2.6 Cr), टिम डेविड (8.25 Cr), मोहम्मद अरशद खान (0.20 Cr), रमनदीप सिंह (0.20 Cr), ऋतिक शौकीन (0.20 Cr), अर्जुन तेंदुलकर (0.30 Cr), फैबियन एलन (0.75 Cr)।