इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 का दूसरा चरण 19 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाला है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच पहला मैच एक्शन से भरपूर होने की उम्मीद है। सभी टीमों के खिलाड़ी और पदाधिकारी पहले ही खाड़ी देश पहुंच चुके हैं। उनमें से अधिकांश ने अपना क्वारंटीन भी पूरा कर लिया है। दोनों टीमें तैयारी के अंतिम चरण में हैं।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा जो इस समय क्वारंटीन में हैं, बंद दरवाजों के पीछे भी पसीना बहाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वर्कआउट करने वाला एक वीडियो भी शेयर किया है। रोहित को क्वारंटीन में पसीना बहाते देखना किसी आश्चर्य से कम नहीं है, क्योंकि इस मेगा इवेंट से पहले इक्का-दुक्का बल्लेबाजों को ही कड़ी मेहनत करते देखा गया है।
मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह भी क्वारंटीन में हैं। क्वांरटीन के दौरान सूर्यकुमार यादव के कमरे का पानी खत्म हो गया। चौंकिए नहीं, ऐसा हम नहीं, खुद मुंबई इंडियंस ने कहा है। मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया हैंड्ल्स पर एक तस्वीर शेयर की है। इंस्टाग्राम पर शेयर इस तस्वीर में दिख रहा है कि सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) अपनी पत्नी देविशा शेट्टी (Devisha Shetty) के साथ ऊपर की मंजिल पर हैं।
जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) अपनी पत्नी संजना गणेशन (Sanjana Ganesan) के साथ उनसे नीचे वाली मंजिल पर हैं। सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी नीचे झांककर जसप्रीत बुमराह और संजना गणेशन से कुछ पूछते दिख रहे हैं।
मुंबई इंडियंस ने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘सूर्यकुमार यादव शायद जसप्रीत बुमराह से यही पूछ रहे हैं कि क्या आपके यहां नल या पानी आ रहा है?’ मुंबई इंडियंस ने तस्वीर का कैप्शन मराठी भाषा में लिखा है। उसकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल है। लोग बहुत ही फनी कमेंट्स कर रहे हैं।

बता दें कि आईपीएल के दूसरे चरण के लिए सभी खिलाड़ी बहुत पहले ही यूएई पहुंच गए थे, लेकिन हाल ही में 5 टेस्ट मैच की सीरीज का हिस्सा रहे भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी कुछ दिन पहले ही यूएई पहुंचे हैं।
मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और उनके परिवारों के लिए एक चार्टर प्लेन की व्यवस्था की थी, ताकि वे मैनचेस्टर से अबुधाबी के लिए सुरक्षित उड़ान भर सकें।