दिल्ली कैपिटल्स की पहली बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची। उसका मुकाबला चार बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से हो रहा है। टीम ने दुबई में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उसकी शुरुआत किसी बुरे सपने की तरह रही। टीम के तीन खिलाड़ी चार ओवर में ही आउट हो गए। मार्कस स्टोइनिस, अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों का बैट नहीं चला। स्टोइनिस तो खाता भी नहीं खोल सके।
स्टोइनिस ने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। स्टोइनिस ने 27 गेंद पर 38 रन बनाए थे। इस दौरान 5 चौके और एक छक्का लगाया था। गेंदबाजी में 3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। स्टोइनिस से फाइनल में दिल्ली को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे फ्लॉप साबित हुए। पिछले मैच में विकेट लेने के बाद वे अपने हाथों की मसल्स दिखाते नजर आए थे। इससे उन्हें HULK कहा जाने लगा। दिल्ली का यह हल्क पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गया।
#IPLfinal #IPL2020final #MIvsDC #DCvsMI : Marcus Stoinis Wicket pic.twitter.com/qU3iZ2fU9s
— IPL 2020 HIGHLIGHT (@ipl2020highlite) November 10, 2020
आंकड़ों की बात करें तो दिल्ली के लिए इस सीजन में पहला ओवर काल ही रहा है। उसने फाइनल से पहले इस ओवर में 9 विकेट गंवाए थे। इस बार स्टोइनिस पहले ओवर में आउट होने वाले उसके 10वें बल्लेबाज बन गए। मुंबई के खिलाफ चार मैच में चार बल्लेबाज पहली ही ओवर में आउट हुए हैं। टीम इससे पहले पिछले तीनों मैच को जीतने में नाकाम रही थी। मुंबई ने दिल्ली को क्वालीफायर-1 में भी हराया था।
पहले ओवर की पहली गेंद पर स्टोइनिस को ट्रेंट बोल्ट ने क्विंटन डीकॉक के हाथों कैच करा दिया। स्टोइनिस खाता भी नहीं खोल सके। बोल्ट ने पारी के तीसरे ओवर में अजिंक्य रहाणे को आउट कर दिया। रहाणे 4 गेंद पर 2 रन ही बना सके। शिखर धवन 13 गेंद पर 15 रन बनाकर जयंत यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने तीन चौके लगाए।