दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर शिखर धवन ने आईपीएल 2020 में गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है। उन्होंने सीजन में दो शतक लगाए हैं। धवन ने क्वालीफायर-2 में भी अपने फॉर्म को जारी रखा। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली। धवन ने 50 गेंद की पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। इस अर्धशतकीय पारी की मदद से उन्होंने सीजन में अपने 600 रन भी पूरे कर लिए। वे इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
आईपीएल 2020 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान केएल राहुल हैं। राहुल ने 14 मैच में 55.83 की औसत से 670 रन बनाए। इस दौरान 5 अर्धशतक और एक शतक लगाया। धवन ने इस पारी के दौरान डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया। वे दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उनके 16 मैच में 603 रन हो गए हैं। धवन का औसत 46.38 और स्ट्राइक रेट 145.65 का रहा है। धवन ने दो शतक 4 अर्धशतक लगाए। तीसरे स्थान पर वॉर्नर हैं। उन्होंने दिल्ली के क्वालीफायर-2 में सिर्फ दो रन बनाए। 16 मैच में उनके 548 रन हैं।
एक आईपीएल में धवन का यह बेस्ट प्रदर्शन हैं। उन्होंने 2012 में 569, 2019 में 521 और 2016 में 501 रन बनाए थे। धवन ने पहली बार आईपीएल के नॉकआउट या प्लेऑफ में अर्धशतक लगाया है। वे दिल्ली डेयरडेविल्स या दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले 2018 में ऋषभ पंत ने 684 रन बनाए थे।
हैदराबाद के खिलाफ इस सीजन में दूसरी बार किसी ओपनिंग जोड़ी ने 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी की। धवन और मार्कस स्टोइनिस ने पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़े। इससे पहले आरसीबी के एरॉन फिंच और देवदत्त पडिक्कल ने 90 रनों की साझेदारी की थी। धवन की बल्लेबाजी की मदद से दिल्ली ने हैदराबाद को 190 रनों का लक्ष्य दिया। उसने 20 ओवर में 3 विकेट पर 189 रन बनाए। शिमरॉन हेटमायर ने नाबाद 42 रन बनाए। मार्कस स्टोइनिस ने 38 और श्रेयस अय्यर ने 21 रन बनाए।