आईपीएल सीजन 12 में चेन्नई को घरेलू मैदान पर किसी ने पटखनी दी है तो वह सिर्फ रोहित शर्मा की टीम मुंबई इंडियंस है।इस सीजन में चेन्नई की टीम अपने घरेलू मैदान एम ए चिदम्बरम स्टेडियम में तब तक अजेय थी जबतक उसका मुकाबला मुंबई से नहीं हुआ था। इस सीजन में दूसरी बार हुआ है जब चेन्नई कि टीम को मुंबई की टीम के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। 8 साल से चेन्नई की टीम मुंबई से इस मैदान पर जीत नहीं पाई है।
रोहित शर्मा ने इस राज से पर्दा उठाया है कि उनकी टीम चेपक स्टेडियम में धोनी की सेना को कैसे परास्त कर लेती है। मंगलवार को क्वालिफायर मुकाबले में चेन्नई को मुंबई ने 6 विकेट से हरा दिया और फाइनल में जगह बना ली। चेन्नई की टीम के खिलाफ सफलता के राज के सवाल पर मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने जवाब दिया कि हमारे पास एक संतुलित टीम है। परिस्थितियों चाहे जो भी हो मुंबई की टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उस पिच पर जिस तरह के खेल की आवश्यकता होती है हमने वैसा ही खेल दिखाया है।पिच के अनुकूल खेलना चेन्नई के खिलाफ मैच जीतने के मुख्य कारणों में से एक है।
कुछ यूं चेन्नई को मिली हार: चेन्नई की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और मुंबई को फील्डिंग के लिए बुलाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम ने 6 विकेट गंवाकर 131 रन बनाए। चेन्नई की टीम मुंबई के गेंदबाजों के सामने विवश नजर आई। मुंबई की तरफ से राहुल (14 रन देकर दो विकेट), कृणाल पंड्या (21 रन पर एक विकेट) और जयंत यादव ने 25 रन पर एक विकेट हासिल किया। मेजबान टीम की ओर से अंबाती रायुडू ने 37 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 42 रन बनाने के अलावा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (29 गेंद में नाबाद 37, तीन छक्के) के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव की 71 रन की नाबाद पारी की बदौलत मुंबई ने यह मैच अपने नाम किया और फाइनल में जगह बना ली