भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। वे क्षेत्र की समस्याओं को हल करने के लिए सोशल मीडिया के जरिए लोगों की राय भी लेते रहते हैं। कुछ महीने पहले ही उन्होंने दिल्ली में ट्रैफिक समस्या के हल के लिए सोशल मीडिया के जरिए लोगों के सुझाव मांगे थे। लोग भी उनसे सोशल मीडिया के जरिए मदद की मांग करते रहते हैं। इसी क्रम में एक महिला क्रिकेटर ने उनसे न्याय दिलाने की मांग की थी।
कुछ दिन पहले एक महिला क्रिकेटर ने ट्वीट कर उनसे मदद की गुहार लगाई थी। महिला क्रिकेटर ने आरोप लगाया था कि कोच उनका यौन उत्पीड़न करता था। गंभीर ने महिला क्रिकेटर की फरियाद पर तुरंत कार्रवाई की। वे खिलाड़ी की मदद के लिए आगे आए। उनकी मदद का अब यह नतीजा है कि महिला क्रिकेटर शारीरिक शोषण करने वाला वह आरोपी कोच अब जेल की सलाखों के पीछे है।
गंभीर ने खुद ट्वीट कर आरोपी क्रिकेट कोच को जेल भिजवाने की बात की जानकारी दी है। गंभीर ने ट्वीट किया, ‘कुछ दिन पहले एक लड़की ने मुझसे संपर्क किया था। उसने बताया था कि उसका कोच उसके साथ शारीरिक शोषण कर रहा है। अब वह आरोपी जेल की सलाखों के पीछे है। लड़की को अब उन कड़वी यादों से उबरने में मदद दी जा रही है। माननीय गृहमंत्री अमित शाह जी और दिल्ली पुलिस तुरंत कार्रवाई करने के लिए शुक्रिया। हमें ऐसे राक्षसों के लिए कोई सहनशीलता नहीं रखनी चाहिए।’
बता दें कि महिला क्रिकेटर ने अपने ट्वीट में गंभीर से मदद की गुहार करते हुए लिखा था, ‘नमस्कार सर, मैं एक महिला क्रिकेटर हूं और दिल्ली में रहती हूं। मेरा कोच उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने मेरे साथ दुष्कर्म करने की भी कोशिश की है। उन्होंने मुझे धमकी दी है कि यदि मैंने किसी से शिकायत की तो वे मेरा करियर बर्बाद कर देंगे। मेरी मदद कीजिए सर।’