भारत के सफेद गेंद से खेले जाने वाले क्रिकेट की दो सबसे सफल जोड़ियां अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी साथ आ सकती हैं। अगर दोनों फ्रेंचाइजी के बीच चल रही सौदेबाजी सफल होती है तो रोहित शर्मा और शिखर धवन आईपीएल-12 में मुंबई इंडियंस के लिए सलामी बल्लेबाजी करेंगे।

मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, शिखर धवन सनराइजर्स हैदराबाद में खुश नहीं हैं और वह इसे छोड़ने की इच्छा प्रकट कर चुके हैं। हालांकि वह तीन साल तक फ्रेंचाइजी के साथ खेलने के करार में बंधे हुए हैं। लेकिन कोई भी फ्रेंचाइजी नाखुश खिलाड़ी को अपने साथ नहीं रखना चाहेगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, सनराइजर्स के प्रति धवन की अरुचि के संबंध में कई बातें कही जा रही हैं। भारत के इस खब्बू बल्लेबाज की हाल ही में टीम के कोच टॉम मूडी के साथ भी बहस हुई थी। इससे भी ज्यादा देश में टी-20 क्रिकेट में धवन देश के सर्वश्रेष्ठ चार खिलाड़ियों में शामिल हैं। इसलिए धवन चाहते हैं कि उन्हें फ्रेंचाइजी के शीर्ष क्रम में पहले या दूसरे नंबर का खिलाड़ी बनाया जाए। अगर ऐसा होता है तो उनकी फीस बढ़कर 10 से 12 करोड़ तक पहुंच जाएगी।

लेकिन फ्रेंचाइजी प्रबंधन इतना खर्च करने के लिए तैयार नहीं है और वह धवन को रिलीज करके दोबारा राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करके दोबारा खरीद लेगी। नीलामी के दौरान धवन की बोली सिर्फ 5.2 करोड़ रुपये ही लगाई गई थी। जबकि उनके अन्य साथी खिलाड़ी जैसे विराट कोहली (17 करोड़), रोहित शर्मा (15 करोड़) और महेंद्र सिंह धोनी (15 करोड़) को उनकी तुलना में कहीं अधिक ऊंची कीमत पर खरीदा गया था।

यही नहीं अन्य साथी खिलाड़ियों जैसे हार्दिक पांड्या (11 करोड़, मुंबई इंडियंस), सुरेश रैना (11 करोड़, चेन्नई सुपर किंग्स), ऋषभ पंत (8 करोड़, दिल्ली डेयरडेविल्स) को कहीं ऊंचा वेतन मिल रहा है। उनकी अपनी ही टीम हैदराबाद में, डेविड वॉर्नर को 12 करोड़ रुपये मिल रहे हैं और भुवनेश्वर कुमार को 8.5 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। यहां तक कि बी-श्रेणी के खिलाड़ी जैसे जयदेव उनदकट (11.5 करोड़), केएल राहुल (11 करोड़), मनीष पांडेय (11 करोड़), ग्लेन मैक्सवेल (9 करोड़) और क्रुनाल पांड्या (8.8 करोड़) रुपये भी धवन से ज्यादा कमा रहे हैं।

धवन की रोहित शर्मा के साथ साझेदारी और अच्छे संबंध मैदान और मैदान के बाहर भी हैं। ये उनके फैसले के संबंध में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सूत्रों का कहना है कि अगर मोलभाव सही रहा तो किसी भी अच्छी खबर का क्रेडिट रोहित शर्मा को दिया जा सकता है।