एएफसी एशियन कप क्वालिफायर से पहले भारतीय फुटबॉल टीम में एक चौंकाने वाला नाम सामने आया है। यह नाम ऐसे खिलाड़ी का है जिसने ऑस्ट्रेलिया के लिए पिछले एक दशक से ज्यादा तक फुटबॉल खेला और अब वह भारत के लिए खेलने को तैयार है। उस खिलाड़ी का नाम है रेयान विलियम्स (Ryan Williams)। रेयान ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के लिए अंडर-20 वर्ल्ड कप भी खेला था। लेकिन अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता छोड़ते हुए भारत के लिए खेलने का मन बना लिया है।
31 वर्षीय मिडफील्डर का जन्म पर्थ में हुआ था। उनकी मां मुंबई स्थित एंग्लो-इंडियन फैमिली से थीं। ऑस्ट्रेलिया के लिए रेयान ने अंडर-20, अंडर-23 लेवल पर फुटबॉल खेला है। वहीं एक बार नेशनल टीम के लिए भी वह बतौर सब्सटीट्यूट 2019 में दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेले थे। इसके अलावा इंग्लिश क्लब फुलहैम (Fulham) और पोर्ट्समाउथ (Portsmouth) का भी वह हिस्सा रह चुके हैं।
रेयान 2023 में इंडियन सुपर लिंग में बेंगलुरु एफसी की टीम का भी हिस्सा थे। भारतीय फुटबॉल टीम के कैंप की गुरुवार से शुरुआत हो चुकी है। टीम अब 18 नवंबर को एएफसी एशियन कप क्वालिफायर का पहला मैच ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ खेलने उतरेगी। उस मैच से पहले रेयान का टीम इंडिया के साथ जुड़ना तय माना जा रहा है। वहीं रेयान के भारत के लिए खेलने की जानकारी सबसे पहले भारतीय फुटबॉल टीम के दिग्गज सुनील छेत्री द्वारा दी गई।
ब्राजील का भी एक खिलाड़ी शामिल!
छेत्री ने रेयान को उनका भारतीय पासपोर्ट सौंपने से पहले भारतीय संस्कृति और भारतीय स्ट्रीट फूड को लेकर कई सवाल भी पूछे इसका इंस्टाग्राम पर वीडियो भी सामने आया। रेयान के अलावा एक और नया नाम भारतीय टीम में जुड़ा है और वो है 27 वर्षीय डिफेंडर अबनीत भारती का। अबनीत ब्राजील में रहने वाले भारतीय नागरिक हैं। वह बोलिविया के एक फर्स्ट डिवीजन क्लब के लिए भी खेल चुके हैं। ब्राजील में एक भारतीय दूतावास के जरिए भारतीय फुटबॉल टीम को उनके बारे में पता चला।
