भारत के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें थाने के अस्पताल में भर्ती किया गया है। कांबली पिछले काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना कर रहे हैं। कई पूर्व क्रिकेटर्स ने कांबली की मदद का वादा भी किया था। समाचार एजेंसी आईएएनस के मुताबिक भर्ती होने के बाद कांबली की हालत स्थिर है हालांकि वह अब भी पूरी तरह खतरे से बाहर नहीं है। 52 साल का यह क्रिकेटर कई तरह की बीमारियों से जूझ रहा है।
विनोद कांबली ने बताया था क्या है परेशानी
हाल ही में विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर कांबली ने अपनी तबीयत के बारे में बताया था। उन्होंने कहा, ‘मैं यूरिन (पैशाब) से संबंधित परेशानी का सामना कर रहा था। वह बहता ही रहता था। मेरे बेटे जीसस ने मुझे उठाकर अपने पैरों पर खड़ा किया। मेरी बेटी जो कि 10 साल बड़ी है वह और मेरी पत्नी मदद के लिए आगे आए। मेरा सिर घूम रहा था और मैं बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। डॉक्टर ने मुझे भर्ती होने को कहा।’
कांबली को दी गई थी मदद की पेशकश
कांबली ने यह भी बताया कि कि उनकी 2013 में दिल की दो सर्जरी हुई थी। इसका खर्च सचिन तेंदुलकर ने उठाया था। रिपोर्ट के मुताबिक 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव ने विनोद कांबली की मदद के लिए पेशकश की थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह कांबली की मदद करने को तैयार है। हालांकि उन्होंने शर्त रखी थी कि कांबली को खुद रिहैब में जाना होगा। इस पर विनोद कांबली ने कहा, ‘मैं 15वीं बार रिहैब में जाने के लिए तैयार हूं। मैं अपने बच्चों और परिवार के लिए कुछ भी करुंगा।’
विनोद कांबली ने भारतीय टीम के लिए साल 1991 में वनडे में डेब्यू किया था। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 104 वनडे मैच खेले। उन्होंने 104 वनडे में 2477 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। 17 टेस्ट मैचों में कुल 1084 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।