हरियाणा के विधानसभा चुनाव इस बार काफी दिलचस्प हैं। राजनीतिक पार्टियों के बीच जबरदस्त टक्कर है। इस बार चुनावों में सिर्फ बड़े राजनीतिक नाम ही नहीं बल्कि बड़े खिलाड़ी भी मैदान में हैं। भारत की तीन बार की कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट विनेश फोगाट के अलावा पूर्व भारतीय वेटलिफ्टर कविता देवी दलाल भी चुनाव लड़ रही हैं। वहीं भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक निवास हुड्डा भी चुनाव लड़ रहे हैं। उनके प्रचार की बागडोर उनकी पत्नी ने संभाली है जो कि खुद वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी हैं।
कौन हैं दीपक हुड्डा
दीपक निवास हुड्डा बीजेपी के टिकट से महम से चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीति में आने से पहले दीपक ने खेल की दुनिया में बड़ा नाम बनाया था। 2016 में भारतीय कबड्डी टीम में एंट्री की थी। वह सबसे पहले साउथ एशियन गेम्स में खेले। इससे पहले वह प्रो कबड्डी लीग के जरिए नाम बना चुके थे। वह 2016 में ही वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। वहीं साल 2018 में उनके टीम में रहते ही भारत ने एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
विनेश के कारण हुए थे दुखी
पेरिस ओलंपिक के दौरान जब विनेश फोगाट डिस्क्वालिफाई हुईं तो दीपक बहुत निराश हुए थे। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘विनेश आप भारत का गौरव हैं। आपने Women’s Freestyle 50KG कुश्ती प्रतिस्पर्धा में ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया था। लेकिन आज भारत की बेटी का अचानक से अयोग्य घोषित किया जाना अत्यंत ही कष्टदायक व दुःखद है। पूरा देश आपके साथ है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप मैदान में न केवल शानदार वापसी करेंगी, बल्कि भारत को पुनः गौरवान्वित करेंगी।’ आपको बता दें कि विनेश कांग्रेस के टिकट पर जुलाना से चुनाव लड़ रही हैं।
राहुल गांधी के साथ नजर आए थे दीपक
दीपक निवास हुड्डा बीजेपी में शामिल होने से पहले राहुल गांधी के साथ भी नजर आ चुके हैं। दीपक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे। तभी यह बातें सामने आई की दीपक राजनीति में आ सकते हैं। हालांकि वह कांग्रेस में नहीं बल्कि बीजेपी में शामिल हुए।
दीपक के लिए प्रचार कर रही हैं स्वीटी
दीपक हुड्डा अपने क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं। उनके साथ-साथ उनकी पत्नी स्वीटी बूरा भी पति के लिए प्रचार कर रही हैं। वह गली-गली जाकर लोगों से बात कर रही हैं। रैलियों में हिस्सा ले रही हैं। महिलाओं से लेकर बड़े-बूढ़ों की समस्या सुननते हुए नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो मौजूद हैं जहां वह दीपक बीजेपी के लिए वोट मांग रही हैं। सिर्फ दीपक ही नहीं बल्कि उनकी पत्नी स्वीटी भी खेल की दुनिया में बड़ा नाम हैं। अर्जुन अवॉर्डी बॉक्सर ने देश के लिए कई मेडल हासिल किए हैं।
कौन हैं स्वीटी बूरा
वह देश के लिए वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो बार मेडल जीत चुकी हैं। साल 2014 में उन्होंने जेजू सिटी में सिल्वर और बीते साल नई दिल्ली में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। वह एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी तीन मेडल जीत चुकी हैं। स्वीटी ने वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद पति दीपक हुड्डा को भी जीत का श्रेय दिया था। दीपक और स्वीटी ने साल 2022 में शादी की थी।