IND vs SL: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के 12वें मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। भारतीय टीम ग्रुप ए में है। भारत ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें उसे एक में जीत और एक में हार मिली है। वह अंक तालिका में अभी चौथे नंबर पर है। बैटर्स के लचर प्रदर्शन के कारण पहले दो मैच में मिला-जुला परिणाम हासिल करने वाली भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ मैच में बड़ी जीत दर्ज करके अपने नेट रनरेट में सुधार करने की कोशिश करेगी।

दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर होने वाले मैच में भारत को श्रीलंका के खिलाफ हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि ग्रुप के अंतिम मैच में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम से होना है। श्रीलंका के खिलाफ भारत को केवल जीत ही नहीं, बल्कि बड़ी जीत की जरूरत है, ताकि उसके नेट रनरेट में सुधार हो सके। श्रीलंका को अपने पहले दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा।

इसके बावजूद भारतीय टीम उसे हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी। विशेषकर अगस्त में एशिया कप फाइनल में मिली हार के बाद भारतीय टीम अपने इस प्रतिद्वंदी के खिलाफ सतर्क होगी। भारतीय खिलाड़ी इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि अब श्रीलंका की टीम केवल अपनी कप्तान चमारी अटापट्टू पर ही निर्भर नहीं है तथा उसके पास अन्य मैच विजेता खिलाड़ी भी हैं।

IND vs SL Head 2 Head In Hindi: भारत बनाम श्रीलंका हेड टू हेड

भारत बनाम श्रीलंका टी20 इंटरनेशनल हेड टू हेड की बात करें तो हरमनप्रीत की अगुआई वाली टीम का पलड़ा भारी है। भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इसमें से भारत ने 19 और श्रीलंका ने 5 मैच में जीत हासिल की है। एक मैच बेनतीजा रहा है। दोनों के बीच पिछले 5 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों की बात करें तो भारत ने 3 और श्रीलंका ने 2 में जीत हासिल की है।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का रिकॉर्ड

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर अब तक 9 महिला टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इसमें से तीन में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि 6 में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। इस मैदान पर पिछले महिला टी20 इंटरनेशनल मैच की बात करें तो 4 में बाद में बल्लेबाजी और एक में पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली है। खास यह है कि टॉस जीतने वाली टीम 4 बार ही जीत हासिल कर पाई है।

दुबई में भारतीय महिलाओं का 50-50 का रिकॉर्ड

भारतीय महिला टीम ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर अब तक 2 मैच खेले हैं। इसमें से उसे एक में जीत और एक में हार मिली है। इस मैदान पर विकेट के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम है। उसने 4 अक्टूबर 2024 को वेस्टइंडीज को हराया था। भारत का इस मैदान पर यह दूसरा मैच है। पहले मैच में उसे न्यूजीलैंड ने 58 रन से हराया था। महिला टी20 इंटरनेशनल में इस मैदान पर रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है।

IND vs SL, Women’s T20 World Cup 2024 Pitch Report In Hindi

इस मैदान पर 5.48 रन प्रति ओवर की दर से अब तक 1785 रन बने हैं और 100 विकेट गिरे हैं। यानी इस मैदान पर बहुत बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद नहीं है। इस मैदान पर पहली पारी का औसतन स्कोर 90 रन है। यहां दोनों पारी में मिलाकर अधिकतम 262 रन बने हैं। इस पिच पर तेज गेंदबाजों को नई बॉल से मदद मिलती है। स्पिनर्स को बीच के ओवर्स में मदद मिल सकती है।

Women’s T20 World Cup, IND vs SL Dubai Weather Forecast In Hindi

दुबई के मौसम की बात करें तो महिला टी20 विश्व कप में भारत बनाम श्रीलंका मैच के दिन बहुत गर्मी और भरपूर धूप रहेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। पूरे दिन मौसम साफ होगा और फैंस को पूरा एक्शन देखने को मिलेगा। मैच के दौरान 24 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भविष्यवाणी की गई है।

IND vs SL, Live Streaming Details In Hindi: कब, कहां और कैसे देखें मैच

भारत बनाम श्रीलंका मैच 9 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस का समय शाम 7 बजे का है। भारत महिला बनाम श्रीलंका महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी+हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

ये है भारत और श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, रिचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, श्रेयंका पाटिल/यास्तिका भाटिया, आशा शोभना, रेणुका सिंह ठाकुर।

श्रीलंका की संभावित प्लेइंग इलेवन: विश्मी गुणारत्ने, चमारी अटापट्टू, (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डिसिल्वा, हासिनी परेरा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, इनोशी प्रियदर्शनी, उदेशिका प्रबोधनी, इनोका राणावीरा।

ये है भारत और श्रीलंका का फुल स्क्वॉड

भारतीय महिला टीम: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका सिंह ठाकुर, यास्तिका भाटिया, एस सजना, दयालन हेमलता, राधा यादव।

श्रीलंका महिला टीम: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, विशमी गुणारत्ने, कविशा दिलशारी, नीलाक्षिका डिसिल्वा, हासिनी परेरा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), सचिनी निसानसाला, उदेशिका प्रबोधनी, इनोशी प्रियदर्शनी, अचिनी कुलसुरिया, इनोका राणावीरा, शशिनी गिम्हानी, अमा कंचना, सुगंधिका कुमारी।