भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 मैच की सीरीज का पहला टेस्ट मैच सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट मैदान पर खेला जा रहा है। तीसरे दिन यानी 28 दिसंबर 2021 का खेल खत्म हो चुका है। खेल खत्म होने के समय भारत ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 16 रन बनाए थे। पहली पारी में 123 रन बनाने वाले केएल राहुल पांच रन बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं।

इस तरह उसकी कुल बढ़त अब 146 रन की हो गई है। तीसरे दिन कुल 18 विकेट गिरे और 268 रन बने। तीसरे दिन भारत की पहली पारी 105.3 ओवर में 327 रन पर ऑलआउट हुई। इसके बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 197 रन पर ऑलआउट कर 130 रन की बढ़त हासिल की।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से टेम्बा बावुमा ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने 44 रन देकर पांच विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट हासिल किए। बुमराह को टखना मुड़ने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा।

भारत की दूसरी पारी में मयंक अग्रवाल केवल चार रन बनाकर मार्कों जेनसन की पहली गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे जेनसन के पास हैट्रिक का मौका था। उन्होंने भारत की पहली पारी में आखिरी विकेट लिया था।

हालांकि, नाइटवाचमैन शार्दुल ठाकुर (नाबाद चार) ने उन्हें यह उपलब्धि हासिल नहीं करने दी। इससे पहले टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में मंगलवार को 15.3 ओवर में 55 रन बनाए और 7 विकेट गंवाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने 71 रन देकर 6 और कगिसो रबाडा ने 72 रन देकर 3 विकेट लिए। एक विकेट मार्को जैनसन ने लिया। मार्को ने इसी मैच से टेस्ट में डेब्यू किया है।

दूसरे दिन का खेल बारिश के कारण धुल गया था। एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी। क्रिकेट और भारत के लिहाज से पहला दिन अच्छा बीता था। भारत ने पहले दिन टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। पहले दिन का खेल खत्म होने के समय भारत का स्कोर 90 ओवर में 3 विकेट पर 272 रन था। केएल राहुल 122 और अजिंक्य रहाणे 40 रन बनाकर नाबाद थे।

पहले दिन साउथ अफ्रीका की ओर से सिर्फ लुंगी एनगिडी ही सफलता हासिल कर पाए थे। एनगिडी ने मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली के विकेट झटके थे।

Match Ended

Freedom Trophy, 2021/22

South Africa 
197(62.3)& 191(68.0)

vs

India  
327(105.3)& 174(50.3)

Match Ended ( Day 5 – 1st Test )
India beat South Africa by 113 runs

Live Updates
21:03 (IST) 28 Dec 2021
दक्षिण अफ्रीका 197 रन पर ऑलआउट

भारतीय टीम की शानदार गेंदबाजी के कारण मैच में उसकी पकड़ मजबूत हो गई है। हालांकि, 32 रन पर 4 विकेट खोने के बाद जिस तरीके से टेम्बा बावुमा और क्विंटन डीकॉक ने बल्लेबाजी की और अंत में कुछ पुछ्ल्ले बल्लेबाजों ने जिस तरीके से हाथ दिखाए, उससे साउथ अफ़्रीकी टीम अपने स्कोर को 200 के पास ले जाने में कामयाब रही।

20:47 (IST) 28 Dec 2021
शार्दुल ने मार्को को किया एलबीडब्ल्यू

शार्दुल ने 57वें ओवर की आखिरी गेंद पर मार्को जेनसन को आउट किया। पैड पर लगी गेंद, अपील और अंपायर की अंगुली उठी। बल्लेबाज़ ने रिव्यू लिया। फ्रंट फुट पर आकर लेंथ गेंद पर रक्षात्मक शॉट खेलने का प्रयास था, तीसरे अंपायर ने कहा कि अल्ट्रा एज बता रहा है कि गेंद ने बल्ले को टच नहीं किया है। जेनसन को पवेलियन लौटना पड़ा। इम्पेक्ट अंपायर्स कॉल था और विकेट हिटिंग। मार्को 19 रन बनाकर आउट हुए।

20:00 (IST) 28 Dec 2021
शमी ने भारत को 7वीं सफलता दिलाई

शमी ने भारत को 7वीं सफलता दिलाई। उन्होंने टेम्बा बावुमा को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। बावुमा 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी यह गेंद चौथे स्टम्प पर गुड लेंथ थी। गिरकर हल्‍का सा बाहर की ओर निकली। बावुमा डिफेंस करने गए, बल्‍ले का बाहरी किनारा और कीपर ने लपक लिया कैच।

18:33 (IST) 28 Dec 2021
दक्षिण अफ्रीकी की आधी टीम पवेलियन लौटी

शार्दुल ठाकुर ने क्विंटन डीकॉक और टेम्बा बावुमा की साझेदारी तोड़ी। शार्दुल ने 35वें ओवर की पहली गेंद पर डीकॉक को बोल्ड किया। डीकॉक 34 रन बनाकर आउट हुए। शार्दुल की यह गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर थी। डीकॉक ऑफ साइड में कट के अंदाज में खेलना चाहते थे, गेंद बल्ले के भीतरी किनारे पर लगकर विकेट में जा लगी। डीकॉक की जगह मुल्डर क्रीज पर आए हैं।

18:02 (IST) 28 Dec 2021
डीकॉक-बावुमा ने अर्धशतकीय साझेदारी की

क्विंटन डीकॉक और टेम्बा बावुमा ने दक्षिण अफ्रीका की पारी संभाल ली है। दोनों के बीच 100 गेंद में 61 रन की साझेदारी हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका ने 32 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। 29 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 4 विकेट पर 94 रन है। डीकॉक ने 29 और बावुमा ने 26 रन बनाए हैं।

17:29 (IST) 28 Dec 2021
डीकॉक ने चौके से खोला खाता

दक्षिण अफ्रीकी पारी का 20वां ओवर शार्दुल ठाकुर लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद क्विंटन डीकॉक ने चौका जड़ा। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 50 के पार पहुंच गया। डीकॉक इस गेंद पर भाग्‍यशाली रहे थे, क्योंकि गली में जहां गेंद गिरी थी, वहां पर कोई फ‍िल्‍डर नहीं था। इसी के साथ डीकॉक ने अपना खाता खोला था। शार्दुल की यह गेंद ऑफ स्‍टंप के करीब फुलर थी।

16:54 (IST) 28 Dec 2021
सिराज ने भारत को दिलाई चौथी सफलता

शमी के बाद सिराज ने रफ्तार पकड़ ली है। उन्होंने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वान डेर डूसेन को अजिंक्य रहाणे के हाथों लपकवाया। डूसेन 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सिराज की गेंद पर डूसेन के बल्‍ले का बाहरी किनारा लगा और गली में रहाणे ने एक बेहतरीन लो कैच लपक लिया। डूसेन की जगह क्टिंन डीकॉक क्रीज पर आए।

16:43 (IST) 28 Dec 2021
शमी ने उड़ाया मार्कराम का ऑफ स्टम्प

मोहम्मद शमी ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एडेन मार्कराम को बोल्ड किया। शमी ने मार्कराम का ऑफ स्‍टम्प उड़ाया। शमी की यह गेंद ऑफ स्‍टंप पर गुड लेंथ थी। गिरकर बाहर की ओर निकली, मार्कराम डिफेंस करने गए लेकिन पूरी तरह से चूक गए। मार्कराम ने 34 गेंद में 13 रन बनाए।

16:17 (IST) 28 Dec 2021
बुमराह ने पीटरसन को भेजा पवेलियन

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। लंच के बाद शमी पहला ओवर लेकर आए। कीगन पीटरसन ने उनकी पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। हालांकि, तीसरी ही गेंद पर बदला पूरा करते हुए उन्हें बोल्ड कर दिया। पीटरसन 22 गेद में 15 रन बनाकर आउट हुए।

15:39 (IST) 28 Dec 2021
लंच ब्रेक

लंच हो गया है। टीम इंडिया ने पहले सेशन में खराब बल्लेबाजी के बाद, एक विकेट लेकर वापसी का बढ़िया प्रयास किया। इस सेशन में कुल 76 रन बने और 8 विकेट गिरे। इस बात को पूरी तरह से ध्यान में रखें कि आज कि दिन 98 ओवर फेंके जाने हैं। इसका मतलब है कि भारतीय गेंदबाजों के पास एक बढ़िया मौका है। हालांकि, साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी अपने पिच पर खेल रहे हैं। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को थोड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।

15:20 (IST) 28 Dec 2021
बुमराह ने दिलाई भारत को पहली सफलता

बुमराह ने भारत को 5वीं ही गेंद पर सफलता दिलाई। उन्होंने डीन एल्गर को पवेलियन भेजा। बुमराह की यह गेंद फुलर लेंथ थी। ऑफ स्टंप के करीब, बाएं हाथ के बल्लेबाज़ के लिए बाहर निकली, बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने लपक लिया। एल्गर एक रन बनाकर आउट हुए।और डिफेंड करने का प्रयास किया

15:10 (IST) 28 Dec 2021
अब भारतीय गेंदबाजों की बारी

इस तरीके से भारतीय पारी का अंत हुआ। पहले सेशन का आकलन कई तरीके से किया जा सकता है। साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की शानदार वापसी, भारतीय मध्यक्रम का लचर प्रदर्शन और साथ ही 327 का स्कोर जो इस पिच और मौसम के हिसाब से काफी महत्वपूर्ण है। एक आकलन यह था कि पांचवें दिन बारिश की पूरी संभावना है। ऐसे में अगर भारतीय टीम चाहती है कि वह इस मैच को एक परिणाम के मुहाने पर ले जाए तो उन्हें अपनी पारी को 350 से 400 के बीच घोषित करना पड़ता। हालांकि, एक बात साफ है कि रबाडा और एनगिडी आज भारतीय बल्बेबाजों पर भारी पड़े। उन्होंने अपनी टीम को मैच में वापसी करने का शानदार मौका दिया है। पिच में बढ़िया गति है, शानदार उछाल है, ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के पास भी अच्छा मौका है।

15:05 (IST) 28 Dec 2021
बुमराह के आउट होते ही हुआ भारतीय पारी का अंत

मार्को जैनसन ने भारतीय पारी का अंत किया। उन्होंने 106 ओवर की तीसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह को आउट किया। यह गेंद बैक ऑफ लेंथ ऑफ स्टंप के बाहर थी। बुमराह गेंद को थर्डमैन की दिशा में खेलना चाहते थे, लेकिन गली में खड़े मुल्डर को कैच थमा बैठे। बुमराह मार्को का पहला टेस्ट विकेट हैं। बुमराह 14 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह के आउट होते ही भारतीय पारी का अंत हो गया।

14:37 (IST) 28 Dec 2021
11 ओवर में भारत ने गंवाए 6 विकेट

आज अभी 11 ओवरों का खेल हुआ है और भारत 6 विकेट गंवा चुका है। 101 ओवर के बाद उसका स्कोर 9 विकेट पर 308 रन है। पहले दिन का खेल खत्म होने के समय भारत के खाते में 272 रन थे और उसके सिर्फ 3 विकेट गिरे थे। 9वें विकेट के रूप में मोहम्मद शमी आउट हुए। उन्होंने 8 रन बनाए। एनगिडी का यह इस पारी में छठा विकेट है। एनगिडी ने 101वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शमी का शिकार किया। एनगिडी की यह गेंद ऑफ स्‍टंप पर गुड लेंथ थी। शमी बड़ा शॉट लगाने गए, लेकिन गेंद बल्‍ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर के दस्‍तानों में पहुंच गई। इस समय मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं।

14:30 (IST) 28 Dec 2021
दूसरे छोर से रबाडा बरसा रहे कहर

कगिसो रबाडा ने भारत को 8वां झटका दिया। उन्होंने 100वें ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल को आउट किया। रबाडा की यह गेंद शार्दुल के बल्‍ले का बाहरी किनारा लेकर डिकॉक के दस्‍तानों में पहुंची। यह गेंद ऑफ स्‍टंप के करीब फुलर थी और टप्पा पड़ने के बाद हल्‍का सा बाहर की ओर गई थी। शार्दुल 4 रन बनाकर आउट हुए।

14:28 (IST) 28 Dec 2021
एनगिडी ने दूसरी बार भारत के खिलाफ 5 विकेट

लुंगी एनगिडी ने 99वें ओवर की दूसरी गेंद पर ऋषभ पंत को पवेलियन की राह दिखा दी। इसके साथ ही उनके 5 विकेट हो गए। यह एनगिडी का भारत के खिलाफ दूसरी बार एक पारी में पांच विकेट हैं। इससे पहले टेस्‍ट डेब्‍यू में भी उन्‍होंने भारत के ही खिलाफ पांच विकेट लिए थे। एनगिडी की यह गेंद मिडिल स्‍टंप पर गुड लेंथ थी। पंत फ्लिक करने गए लेकिन गेंद बल्‍ले के अंदरूनी किनारे से लगकर थाई पैड पर पर लगी और बैकवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े वान डुसेन ने कैच लपक लिया। पंत 8 रन बनाकर आउट हुए।

14:24 (IST) 28 Dec 2021
अश्विन 4 रन बना पवेलियन लौटे

अगले ओवर में रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका को एक और सफलता दिला दी। रविचंद्रन अश्विन 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रबाडा की यह गेंद मिडिल स्‍टंप पर गुड लेंथ थी। अश्विन मिडविकेट की ओर खेलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने बल्‍ले का मुंह पहले ही बंद कर दिया। गेंद बैट के बाहरी किनारे पर लगी और मिडऑफ में केशव महाराज ने आसान सा कैच लपक लिया। अश्विन सिर्फ 5 गेंद ही खेल पाए।

14:22 (IST) 28 Dec 2021
अर्धशतक पूरा करने से चूके रहाणे

सेंचुरियन में दूसरे दिन बारिश ने मजा किरकिरा कर दिया। तीसरे दिन विकेटों की झड़ी लगी हुई है। भारत के पहले दिन के स्कोर में अभी 24 रन ही जुड़े हैं कि उसके 4 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। दिन के 7वें ओवर की चौथी गेंद पर लुंगी एनगिडी ने रहाणे को चलता किया। गति और उछाल में फंस गए रहाणे। यह गुड लेंथ पांचवें स्‍टंप पर थी। रहाणे कट करने गए थे लेकिन गेंद बल्‍ले का बाहरी किनारा लेकर कीपर के पास पहुंची। रहाणे 48 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

14:03 (IST) 28 Dec 2021
दूसरी बार सस्ते में निपटे राहुल

यह दूसरा मौका था, जब केएल राहुल ने एक रात पहले उन्होंने अपना शतक पूरा किया और अगली सुबह सस्ते में आउट हो गए। उन्होंने 2021 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 129 रन बनाए थे। उस मैच में वह एक दिन पहले 127 रन पर नाबाद थे। आज सेंचुरियन में भी ऐसा हुआ। वह मैच के पहले दिन 122 रन पर नाबाद थे, जबकि आज वह एक रन जोड़ने के बाद 123 रन पर आउट हो गए। दोनों ही मौकों पर रहाणे उनके साथी रहे। भारत ने लॉर्ड्स में 276/3 और सेंचुरियन में 272/3 पर दिन समाप्त किया था।

13:53 (IST) 28 Dec 2021
रबाडा को मिली तीसरे दिन की पहली सफलता

कगिसो रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने 94वें ओवर की आखिरी गेंद पर केएल राहुल को विकेट के पीछे क्विंटन डीकॉक के हाथों कैच कराया। कगिसो रबाडा की यह गेंद मिडिल स्टंप पर बैक ऑफ लेंथ थी। केएल राहुल के शरीर की ओर गेंद आई। राहुल ने पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद ग्‍लव्‍स से लगकर गेंद विकेटकीपर के हाथों में चली गई। राहुल की जग ऋषभ पंत क्रीज पर आए हैं।

13:38 (IST) 28 Dec 2021
पहले ओवर में सिर्फ एक रन बना

पहले ओवर में सिर्फ एक रन बना। रहाणे ने एनगिडी की आखिरी गेंद को बैकफुट में जाकर बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में खेल दिया और एक रन ले लिया। एनगिडी की यह लेंथ गेंद थी, जो लेग स्टंप पर जा रही थी।

13:31 (IST) 28 Dec 2021
रहाणे ने खेली दिन की पहली गेंद

तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। दोनों भारतीय बल्लेबाज मैदान पर उतर चुके हैं। स्ट्राइक पर अजिंक्य रहाणे हैं। गेंद लुंगी एनगिडी के हाथों में हैं। तीन स्लिप और एक गली के साथ गेंदबाजी होगी।

13:22 (IST) 28 Dec 2021
पिच पर देखने को मिलेगा बाउंस

सुनिल गावस्कर ने बताया कि मैदान पर शानदार तरीके से धूप खिली हुई है। पिच पर अच्छा-खासा बाउंस देखने को मिल सकता है। गेंदबाजों को प्रयास करना चाहिए कि ज्यादा से ज्यादा अपनी लेंथ को ऊपर रखें। भारतीय टीम अगर पहला सेशन सही तरीके से खेलती है तो मैच का झुकाव कुछ हद तक उसकी तरफ हो सकता है।