भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप में गुरुवार को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। पहले मैच में उनका सामना न्यूजीलैंड से होगा। न्यूजीलैंड दो बार का उप विजेता है और उनके खिलाफ जीत को रणनीतिक तथा मानसिक रूप से अच्छी स्थिति में होने का संकेत माना जा सकता है। भारत ने अपने दोनों वॉर्म अप मैच जीते हैं जिसके बाद वह एक सकरात्मक मानसिकता के साथ मैदान पर उतरेगा।

भारत के ग्रुप में मजूबत टीमें

भारत के लिए जीत के साथ आगाज करना जरूरी है क्योंकि उसका ग्रुप में मजबूत टीमे हैं। इस ग्रुप में भारत और न्यूजीलैंड के अलावा ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और पाकिस्तान भी हैं। भारत को अपने शीर्ष खिलाड़ियों 35 वर्षीय हरमनप्रीत, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा से महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद होगी। शेफाली और मंधाना शानदार फॉर्म में हैं।

PITCH AND WEATHER REPORT: दुबई में खेले गए पांच टी20 मैच

दुबई की पिच पर अब तक पांच महिला टी20 मैच खेले गए हैं। इन मैचों में दो बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है वहीं तीन बार चेज करने वाली टीम के हाथों जीत आई हैं। यहां पहली पारी का औसतन स्कोर 90 है। इसका मतलब है कि इस मैदान पर बड़े स्कोर का मैच होने की उम्मीद कम है। इस पिच पर तेज गेंदबाजों को नई बॉल से मदद मिलती है। स्पिनर्स को बीच के ओवर्स में मदद मिल सकती है। वहीं पूरे दिन मौसम भी साफ होगा और फैंस को पूरा एक्शन देखने को मिलेगा। बारिश के खलल की संभावना नहीं है।

कब, कहां और कैसे देखें मैच

भारत न्यूजीलैंड का मैच 4 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। शाम सात बजे मैच का टॉस होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2024 के मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स पर होगा। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी+हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। डिज्नी+हॉटस्टार पर इस मैच की स्ट्रीमिंग मुफ्त में की जाएगी।

भारत और न्यूजीलैंड की टीमें

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, यस्तिका भाटिया (फिटनेस पर निर्भर), पूजा वस्त्रकार, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, डी हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल (फिटनेस पर निर्भर), सजना सजीवन। रिजर्व खिलाड़ी: उमा छेत्री, तनुजा कंवर, साइमा ठाकोर।

न्यूजीलैंड: सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, एडेन कार्सन, इज़ी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, फ्रैन जोनास, लेघ कास्पेरेक, मेली केर, जेस केर, रोजमेरी मायर, मौली पेनफोल्ड, जॉर्जिया प्लिमर, हन्ना रोव और ली ताहुहु।