India vs New Zealand Test Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैच की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 21 फरवरी से होनी है। पहला टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाना है। दोनों टीमें वेलिंगटन पहुंच चुकी हैं। पहला टेस्ट 21 फरवरी को भारतीय समयानुसार सुबह 4 बजे से शुरू होगा। ऐसे में टीम इंडिया ने आज यानी 19 फरवरी को बेसिन रिजर्व स्टेडियम में जमकर पसीना बहाया। भारतीय खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र के दौरान फील्डिंग की भी काफी प्रैक्टिस की। विराट कोहली ने प्रैक्टिस सेशन की एक तस्वीर भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की। इसमें कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘गुड सेशन आउट इन द मिडिल #NZvIND’

 

View this post on Instagram

 

Good session out in the middle #NZvIND

A post shared by Virat Kohli (@virat.kohli) on

विराट इस तस्वीर में भारतीय क्रिकेट की टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ फील्डिंग का अभ्यास करते दिख रहे हैं। तस्वीर में ऋषभ पंत भी दिख रहे हैं। विराट एक ओर झुकते हुए गेंद पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं। वहीं रहाणे की भी नजर गेंद पर है। ऋषभ पंत तस्वीर में थोड़ी दूर दिखाई दे रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि वे दोनों को देख रहे हैं। विराट की यह तस्वीर थोड़ी देर में भी काफी वायरल हो गई। 20 मिनट में इसे ढाई लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके थे। वहीं, एक हजार से ज्यादा लोग कमेंट कर चुके थे।

कमेंट में ज्यादा फैंस विराट कोहली की फिटनेस और खेल के प्रति उनके जुनून को लेकर प्रशंसा कर रहे हैं। वहीं कुछ फैंस ऋषभ पंत को ट्रोल भी कर रहे हैं। एक फैंस ने सवाल करने के अंदाज में लिखा, ‘ऋषभ पंत को आखिर खड़ा क्यों कर रखा है?’ एक फैंस ने कमेंट किया, ‘ठीक है भाई बढ़िया मजे कर रहा है।’ बता दें कि भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेलनी थी। टी20 सीरीज 5 मैचों की थी। जिसमें टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप किया। उसने 5-0 से सीरीज अपने नाम की। हालांकि, वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड ने उसका सूपड़ा साफ कर दिया। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ 3-0 से वनडे सीरीज जीती।

टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की जीत की संभावना ज्यादा है। वह टेस्ट चैंपियनशिप अभी नंबर वन पर है। उसके 7 मैचों में 360 अंक हैं। वहीं, न्यूजीलैंड छठे नंबर पर है। उसके 5 मैचों में सिर्फ 60 अंक हैं। टेस्ट चैंपियनशिप शुरू होने के बाद से भारत ने एक भी मैच नहीं हारा है। जाहिर है ऐसे में भारत की कोशिश अपना अजेय अभियान बरकरार रखने की होगी।