Ind vs Eng 1st ODI: इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज में विराट कोहली के पास सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग और जैक्स कैलिस की बराबरी करने का मौका है। विराट कोहली ने वनडे इंटरनेशनल में घरेलू मैदान पर अब तक 60.81 के औसत से 4865 रन बनाए हैं। वह घरेलू मैदान पर 5000 वनडे इंटरनेशनल रन के आंकड़े से सिर्फ 135 रन दूर हैं।
विराट कोहली यदि इस सीरीज के पहले मैच में या सीरीज में यह मुकाम छू लेते हैं तो वनडे इंटरनेशनल में घरेलू मैदान पर 5000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के चौथे और भारत के दूसरे क्रिकेटर बन जाएंगे। विराट कोहली ने घरेलू मैदान पर अब तक 95 वनडे खेले हैं। इसमें उनके 19 शतक भी शामिल हैं। अब तक सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग और जैक्स कैलिस ही घरेलू मैदान पर 5000 या उससे ज्यादा वनडे रन बना पाए हैं।
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर के दौरान घरेलू मैदान पर 164 वनडे मैच खेले थे। इसमें उन्होंने 48.11 के औसत से 6976 रन बनाए थे। इसमें उनके 20 शतक और 38 अर्धशतक शामिल थे। सचिन का वनडे में हाइएस्ट स्कोर नाबाद 200 रन है।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने घरेलू मैदान पर 153 वनडे खेले। इसमें उन्होंने 39.17 के औसत से 5406 रन बनाए। उन्होंने घरेलू मैदान पर 13 शतक लगाए थे। इस दौरान उनका हाइएस्ट स्कोर नाबाद 134 रन रहा।
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने घरेलू मैदान पर 135 वनडे खेले। इसमें उन्होंने 46.64 के औसत से 5178 रन बनाए। इसमें उनके 6 शतक शामिल थे। इस दौरान उनका हाइएस्ट स्कोर 139 रन रहा था।
विराट कोहली ने 14 अगस्त 2019 को लगाया था आखिरी वनडे शतक
विराट कोहली साल 2020 में एक भी अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं लगा पाए थे। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक 23 नवंबर 2019 को लगाया था। वह बांग्लादेश के खिलाफ डे/नाइट टेस्ट मैच था। इस हिसाब से कोहली को शतक लगाए हुए एक साल 122 दिन (कुल 487 दिन) हो चुके हैं। कोहली इस समय बढ़िया फॉर्म में चल रहे हैं।
यदि वह इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में शतकीय पारी खेलने में सफल रहे तो 487 दिनों से चला आ रहा शतकों का सूखा खत्म करने में भी सफल हो जाएंगे। विराट कोहली ने वनडे में अपना आखिरी शतक 14 अगस्त 2019 (एक साल 222 दिन पहले यानी कुल 587 दिन) को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था। उस मैच में विराट ने नाबाद 114 रन बनाए थे।