Ind vs Eng: भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन अर्धशतक बनाने से चूक गए। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने उन्हें 49 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने अपनी 144 रन की पारी के दौरान 7 चौके लगाए। हालांकि, वह भले ही अर्धशतक बनाने से चूक गए हों, लेकिन उन्होंने फिर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
रोहित शर्मा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के जारी संस्करण में 1000 रन बनाने वाले पहले सलामी बल्लेबाज बन गए। रोहित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर भी हैं। उनके बाद डेविड वार्नर (948 रन) और डीन एल्गर (848 रन) का नंबर आता है। रोहित डब्ल्यूटीसी में सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने वाले पहले एशियाई बल्लेबाज भी बन गए हैं। डब्ल्यूटीसी में रोहित के अलावा 1000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले अजिंक्य रहाणे (1068 रन) ही एकमात्र अन्य भारतीय क्रिकेटर हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक 6 बल्लेबाज ही 1000 से ज्यादा रन बना पाए हैं। इनमें दो ऑस्ट्रेलिया, दो भारत और दो इंग्लैंड के हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन नंबर वन पर हैं। लाबुशेन ने 13 मैच की 23 पारियों में 1675 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट हैं। रूट ने 20 टेस्ट की 36 पारियों में 1630 रन बनाए हैं।
तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ हैं। स्मिथ ने 13 मैच की 22 पारियों में 1341 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के बेन स्टोक्स चौथे नंबर पर हैं। स्टोक्स ने 17 टेस्ट की 31 पारियों में 1332 रन बनाए हैं। अजिंक्य रहाणे ने 17 टेस्ट मैच की 28 पारियों में 1095 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा छठे नंबर पर हैं। उनके 11 टेस्ट की 17 पारियों में 1030 रन हैं।
दूसरे दिन के खेल के बाद टीम इंडिया ने चौथे टेस्ट में अपना पलड़ा भारी कर लिया है। दूसरे दिन भारत की ओर से ऋषभ पंत ने शतक और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद अर्धशतक लगाया। पंत ने सुंदर के सात शतकीय साझेदारी भी की।
पंत और सुंदर ने यह साझेदारी तब निभायी जब भारत ने अपने चोटी के तीन बल्लेबाजों चेतेश्वर पुजारा (17), कप्तान विराट कोहली (शून्य) और अजिंक्य रहाणे (27) के विकेट सुबह के सत्र में ही गंवा दिए थे। रोहित शर्मा अर्धशतक से चूक गए थे।