इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने भारत के खिलाफ चेन्नई में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाया। उन्होंने नाबाद 128 रनों की पारी खेली। यह उनका 100वां टेस्ट था। उन्होंने अपने 100वें टेस्ट को शतक लगाकर यादगार बनाया। रूट ने इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड बनाए। वे 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले दुनिया के 9वें और इंग्लैंड के तीसरे बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा 98वें, 99वें और 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

टेस्ट क्रिकेट के 144 साल के इतिहास में अब तक ऐसा नहीं हुआ था कि किसी बल्लेबाज ने 98वें, 99वें और 100वें टेस्ट में शतक लगाया हो। जो रूट ने यह उपलब्धि हासिल कर ली। रूट ने श्रीलंका के खिलाफ अपने 98वें टेस्ट में 228 और 99वें टेस्ट में 186 रन की पारी खेली थी। रूट से पहले 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में इंग्लैंड के कॉलिन कॉड्रे, पाकिस्तान के जावेद मियांदाद, वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज, इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट, पाकिस्तान के इंजमाम उल हक, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और हाशिम अमला हैं।

इनमें से सिर्फ रिकी पोंटिंग ने ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया है। रूट का भारत के खिलाफ कुल पांचवां और भारत में दूसरा शतक है। उन्होंने भारत के खिलाफ लगातार सात मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाए हैं। जो रूट ने पारी के 78वें ओवर की अंतिम गेंद पर सिंगल लेकर अपना शतक पूरा किया। वॉशिंगटन सुंदर गेंदबाजी कर रहे थे। उनके टेस्ट करियर का यह 20वां शतक हैं। उन्होंने 49 अर्धशतक भी लगाए हैं।

मैच के पहले दिन इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 263 रन बनाए। भारत के दिन के खेल के आखिरी समय में तीसरी सफलता मिली। जसप्रीत बुमराह ने डोमिनिक सिबली को आउट किया। सिबली शतक लगाने से चूक गए। उन्होंने 286 गेंद पर 87 रन बनाए। बुमराह ने उन्हें 90वें ओवर की तीसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। ओपनर रोरी बर्न्स 60 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हुए। डैनियल लॉरेंस खाता भी नहीं खोल सके।