इंग्लैंड ने 5 मैच की सीरीज के पहले टी20 में भारत को 8 विकेट से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन ही बना पाई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने 15.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 130 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उसने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इंग्लैंड ने पावर प्ले (शुरुआती 6 ओवर) में बिना विकेट खोए 50 रन बना लिए थे।

टीम इंडिया की 12 टी20 के बाद घरेलू मैदान पर यह पहली हार है। इससे पहले उसे 8 दिसंबर 2019 को वेस्टइंडीज ने हराया था। तब तिरुवनंतपुरम में खेले गए उस टी20 मैच में भारत को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। टीम इंडिया तीसरी बार 8 विकेट से हारी है। यह उसकी दूसरी सबसे बड़ी हार के रिकॉर्ड की बराबरी है। उसकी इससे बड़ी हार नौ विकेट से रही है।

इंग्लैंड की ओर से जेसन रॉय हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 32 गेंद में 49 रन बनाए। डेविड मलान 24 और जॉनी बेयरस्टो 26 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड को दूसरा झटका 12वें ओवर की पहली गेंद पर लगा।

वाशिंगटन सुंदर अपना पहला ओवर फेंकने आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर जेसन रॉय को LBW कर दिया। जेसन ने रिव्यू लिया, लेकिन मैदानी अंपायर का फैसला ही सही निकला। जेसन रायजब  आउट हुए तब इंग्लैंड का स्कोर 89 रन था।

इंग्लैंड को पहला झटका युजवेंद्र चहल ने दिया था। उन्होंने 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोस बटलर को LBW किया। बटलर ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 24 गेंद में 28 रन बनाए।

बटलर जब आउट हुए तब इंग्लैंड के खाते में 72 रन जुड़ चुके थे। इंग्लैंड की ओर से जेसन रॉय और जोस बटलर ने पारी की शुरुआत की थी। दोनों ने शुरुआत में सभलकर और फिर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की।

India vs England 1st T20 Live Streaming: 14 महीने बाद घर में टी20 खेल रही टीम इंडिया, Star Sports और HotStar पर ऐसे देखें मैच

इससे पहले टीम इंडिया श्रेयस अय्यर के दम पर 124 रन का स्कोर बना पाई। टीम इंडिया की ओर से श्रेयस अय्यर के अलावा ऋषभ पंत और हार्दिक पंड्या ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। विराट कोहली और शार्दुल ठाकुर खाता भी नहीं खोल पाए।

भारतीय टीम के शीर्ष 3 बल्लेबाज कुल 5 रन ही बनाए। ओपनर केएल राहुल 4 गेंद में एक और शिखर धवन 12 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हुए। विराट कोहली एक भी रन नहीं बना पाए।

इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 23 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा आदिल रशीद, मार्क वुड, क्रिस जॉर्डन और बेन स्टोक्स एक-एक विकेट लेने में सफल रहे। जोफ्रा आर्चर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

[ie_ipl_scorecard match_id=49842]

Live Blog

21:54 (IST)12 Mar 2021
छक्का मारने के चक्कर में आउट हुए श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 8 चौके और एक छक्के की मदद से 48 गेंद में 67 रन बनाए। वह छक्का मारने के चक्कर में क्रिस जॉर्डन की गेंद पर डेविड मलान के हाथों बाउंड्री के पास लपके गए। वाशिंगटन सुंदर 3 और अक्षर पटेल 7 रन बनाकर नाबाद रहे।

21:39 (IST)12 Mar 2021
जोफ्रा आर्चर ने 2 गेंद में झटके थे 2 विकेट

18वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने 2 गेंद में 2 विकेट लिए। उन्होंने दूसरी गेंद पर हार्दिक पंड्या को क्रिस जॉर्डन के हाथों कैच कराया। हार्दिक एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह शार्दुल ठाकुर आए। वह गोल्डन डक हो गए। जोफ्रा आर्चर ने उन्हें डेविड मलान के हाथों कैच कराया। शार्दुल ठाकुर की जगह वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर आए।

21:21 (IST)12 Mar 2021
अक्षर पटेल ने लुटाए एक ओवर में 13 रन

पांचवां ओवर भारत के लिए काफी महंगा साबित हुआ। अक्षर पटेल के इस ओवर में इंग्लैंड ने 13 रन बनाए। जोस बटलर ने चौथी गेंद पर चौका और पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया। बटलर ने ऐसा छक्का लगाया कि गेंद स्टेडियम में खो गई। थोड़ी देर इंतजार के बाद दूसरी गेंद से खेल शुरू किया गया।

21:09 (IST)12 Mar 2021
श्रेयस अय्यर ने 14 महीने बाद लगाई टी20 इंटरनेशनल मैच में फिफ्टी

इससे पहले श्रेयस अय्यर ने अपना तीसरा टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 36 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 14 महीने बाद टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाया है। इससे पहले अय्यर ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक 24 जनवरी 2020 को लगाया था।

20:53 (IST)12 Mar 2021
10 ओवर में 48 रन पर भारत ने गंवा दिए थे 4 विकेट

10वें ओवर में भारत ने चौथा विकेट गंवाया। बेन स्टोक्स ने ओवर की आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत को जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच करा दिया। पंत ने 23 गेंद में 21 रन बनाए। उनकी जगह हार्दिक पंड्या क्रीज पर आए। पंत जब आउट हुए तब टीम इंडिया के खाते में 48 रन जुड़े थे। पांचवें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा। शिखर धवन मार्क वुड के ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए। वह 12 गेंद में 4 रन ही बना पाए। उनकी जगह श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए आए। धवन जब पवेलियन लौटे थे, तब टीम इंडिया के खाते में सिर्फ 20 रन ही जुड़े थे।

20:38 (IST)12 Mar 2021
भारत ने 3 रन पर ही गंवा दिए थे 2 विकेट

तीसरे ओवर में विराट कोहली बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। आदिल रशीद के ओवर की तीसरी गेंद पर विराट कोहली ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह मिस कर गए और क्रिस जॉर्डन ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। कोहली की जगह ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए। कोहली जब आउट हुए तब भारत का स्कोर 3 रन ही था।

20:15 (IST)12 Mar 2021
हार्दिक पंड्या ने जड़ा छक्का, भारत पहुंचा 80 के पार

15वां ओवर बेन स्टोक्स लेकर आए। इस ओवर में भारत ने 15 रन बटोरे। हार्दिक पंड्या ने इस ओवर की चौथी गेंद पर छक्का और पांचवीं गेंद पर चौका लगाया। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 83 रन था। श्रेयस अय्यर 40 और हार्दिक पंड्या 17 रन पर खेल रहे थे।

19:54 (IST)12 Mar 2021
दूसरे ओवर में भारत को लग गया था पहला झटका

भारत को पहला झटका दूसरे ओवर में ही लगा। जोफ्रा आर्चर ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर केएल राहुल को बोल्ड कर दिया। राहुल एक रन ही बना पाए। वह जब आउट हुए तब टीम इंडिया का स्कोर 2 रन था। राहुल की जगह विराट कोहली क्रीज पर आए। बता दें कि भारत की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा नहीं हैं। उन्हें कुछ मैचों के लिए आराम दिया गया है।

19:30 (IST)12 Mar 2021
भारत की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा नहीं

भारत की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा नहीं हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) टी20 टीम रैंकिंग में इंग्लैंड पहले नंबर और भारत दूसरे स्थान पर है। हालांकि, टीम इंडिया ने अपने पिछले 10 टी20 में से सिर्फ एक मैच गंवाया है, जबकि 7 में जीत हासिल की है। दो टी20 मैच टाई रहे हैं।

19:26 (IST)12 Mar 2021
14 महीने बाद में घर में टी20 मैच खेलने उतरी टीम इंडिया

भारतीय टीम घरेलू मैदान पर करीब 14 महीने बाद टी20 मैच खेलने उतरी है। भारतीय क्रिकेट टीम ने अब तक 137 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उसने 85 में जीत हासिल की है, जबकि 45 में हार झेली है। तीन मैच टाई रहे हैं और चार मैच का नतीजा नहीं निकला। टीम इंडिया सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच में जीतने के मामले में दूसरे नंबर पर है। पहले नंबर पर पाकिस्तान है। पाकिस्तान ने 163 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इनमें से उसने 99 जीते हैं, जबकि 59 में हार झेली है।

19:23 (IST)12 Mar 2021
भारत को दूसरे ओवर में लगा पहला झटका

भारत की ओर से शिखर धवन और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद पहला ओवर लेकर आए। उनके ओवर में दोनों एक-एक रन ही बना पाए। दूसरा ओवर जोफ्रा आर्चर लेकर आए। उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पर केएल राहुल को बोल्ड कर दिया।

18:41 (IST)12 Mar 2021
ये है इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन

इंग्लैंड: जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर), डेविड मलान, जॉनी बेयरस्टो, इयोन मॉर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, सैम करन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, मार्क वुड, क्रिस जॉर्डन।

18:40 (IST)12 Mar 2021
ये है भारत की प्लेइंग इलेवन

भारत: शिखर धवन, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल।