कोरोनावायरस के कारण खेलों की सभी प्रतियोगिताएं रद्द या स्थगित हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) क्रिकेट फैंस के लिए लॉकडाउन के दौरान पुराने मैचों के हाईलाइट्स को डीडी स्पोर्ट्स पर दिखा रहा है। आज यानी 11 अप्रैल को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2001 में खेली गई पांच वनडे की सीरीज का तीसरे मैच का हाईलाइट्स दिखाया गया। यह मुकाबला इंदौर के नेहरू स्टेडियम में 31 मार्च 2001 को खेला गया था।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे में 118 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। 300 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 35.5 ओवर में 181 रनों पर सिमट गई। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 299 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए सचिन तेंदुलकर ने 139, वीवीएस लक्ष्मण ने 83, दिनेश मोंगिया ने 23 और राहुल द्रविड़ ने 15 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम गिलक्रिस्ट ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। भारत के लिए अजीत अगरकर और हरभजन सिंह ने 3-3 विकेट लिए। जवागल श्रीनाथ को 2 और सौरव गांगुली को 1 सफलता मिली।

Live Blog

18:32 (IST)11 Apr 2020
भारत 118 रन से जीता

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे में 118 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। 300 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 35.5 ओवर में 181 रनों पर सिमट गई। उसके लिए एडम गिलक्रिस्ट ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। कप्तान स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग ने 23-23 रनों की पारी खेली। डेमियन मार्टिन ने 19 और शेन वॉर्न ने 18 रनों का योगदान दिया। भारत के लिए अजीत अगरकर और हरभजन सिंह ने 3-3 विकेट लिए। जवागल श्रीनाथ को 2 और सौरव गांगुली को 1 सफलता मिली।

18:08 (IST)11 Apr 2020
माइकल बेवन, साइमंड्स और लैहमेन नहीं चले

हरभजन ने माइकल बेवन को 6 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद अजीत अगरकर ने एंड्रयू साइमंड्स को आउट कर दिया। साइमंड्स 5 रन बनाकर विजय दहिया को कैच थमा बैठे। डैरेन लैहमेन 1 रन के निजी स्कोर पर अगरकर की गेंद पर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया के 130 रन के स्कोर पर6 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। 

18:03 (IST)11 Apr 2020
गिलक्रिस्ट और पोंटिंग आउट

एडम गिलक्रिस्ट 63 रन बनाकर हरभजन सिंह का शिकर बन गए। सौरव गांगुली ने उनका कैच लिया। गिलक्रिस्ट ने रिकी पोटिंग के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया को 100 रन के पार पहुंचाया था।

17:51 (IST)11 Apr 2020
श्रीनाथ ने भारत को पहली सफलता दिलाई

जवागल श्रीनाथ ने 9वें ओवर की पहली गेंद पर भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने डेमियन मार्टिन को विकेटकीपर विजय दहिया के हाथों कैच कराया। मार्टिन ने 17 गेंद पर 19 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका 46 के स्कोर पर लगा।

17:46 (IST)11 Apr 2020
ऑस्ट्रेलिया की तेज शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर एडम गिलक्रिस्ट और डेमियन मार्टिन ने टीम को तेज शुरुआत दी। दोनों ने शुरुआती 5 ओवर में विकेट गंवाए बिना 34 रन बना लिए हैं। मार्टिन ने 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर श्रीनाथ को चौका मारा।

17:29 (IST)11 Apr 2020
ऑस्ट्रेलिया को 300 रन का लक्ष्य

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 299 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए सचिन तेंदुलकर ने 139, वीवीएस लक्ष्मण ने 83, दिनेश मोंगिया ने 23 और राहुल द्रविड़ ने 15 रन का योगदान दिया। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। ऑस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन मैक्ग्रा ने 3 और डेमियन फ्लेमिंग ने 2 विकेट लिए। शेन वॉर्न ने 10 ओवर में 64 रन दिए। उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली।

17:20 (IST)11 Apr 2020
सचिन को मैक्ग्रा ने आउट किया

सचिन तेंदुलकर 46वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। ग्लेन मैक्ग्रा की गेंद पर उन्होंने पुल शॉट खेला और गेंद सीधे डेमियन फ्लेमिंग के हाथों में चली गई। सचिन ने 125 गेंद की पारी में 19 चौके लगाए।

17:12 (IST)11 Apr 2020
वीवीएस लक्ष्मण रनआउट, सौरव गांगुली खाता भी नहीं खोल सके

वीवीएस लक्ष्मण 83 रन बनाकर रनआउट हो गए। उन्होंने 88 गेंद की पारी में 6 चौके लगाए। लक्ष्मण ने सचिन के साथ दूसरे विकेट के लिए 199 रन की साझेदारी की। लक्ष्मण के बाद सौरव गांगुली भी पवेलियन लौट गए। गांगुली खाता भी नहीं खोल सके। डेमियन फ्लेमिंग की गेंद पर माइकल बेवन ने उनका कैच लिया।

17:06 (IST)11 Apr 2020
सचिन ने लगातार दो चौके लगाए

सचिन ने 33वें ओवर में डेमियन मार्टिन की गेंद पर लगातार दो चौके लगाए। उन्होंने शतक भी पूरा किया।  सचिन का ये 28वां शतक है।

17:00 (IST)11 Apr 2020
वीवीएस लक्ष्मण का अर्धशतक

वीवीएस लक्ष्मण ने वॉर्न की गेंद पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने सचिन के साथ मिलकर स्कोर को 140 रन के पार पहुंचा दिया है।

16:58 (IST)11 Apr 2020
सचिन का अर्धशतक

सचिन तेंदुलकर ने शेन वॉर्न की गेंद पर चौका मारकर अपना अर्धशतक पूरा किया। भारत का स्कोर 26 ओवर में 1 विकेट पर 123 हो गया है। वीवीएस लक्ष्मण क्रीज पर मौजूद हैं।

16:52 (IST)11 Apr 2020
सचिन के 10 हजार रन पूरे

सचिन तेंदुलकर ने 20 ओवर में शेन वॉर्न की गेंद पर रन लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने वनडे में अपने 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं। सचिन ने वॉर्न की गेंद पर चौका भी लगाया।

16:48 (IST)11 Apr 2020
सचिन-लक्ष्मण ने भारत को संभाला

राहुल द्रविड़ के आउट होने के बाद सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों ने 15 ओवर में स्कोर 64 रन तक पहुंचा दिया है। 

16:43 (IST)11 Apr 2020
राहुल द्रविड़ पवेलियन लौटे

राहुल द्रविड़ 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। डेमियन फ्लेमिंग की गेंद पर एडम गिलक्रिस्ट ने उनका कैच लिया। द्रविड़ ने 34 गेंद की पारी में तीन चौके लगाए।

16:40 (IST)11 Apr 2020
सचिन-द्रविड़ ने की तेज शुरुआत

सचिन तेंंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने भारत को तेज शुरुआत दी। दोनों ने 6 ओवर में 28 रन की साझेदारी कर ली है। सचिन ने ग्लेन मैक्ग्रा को चौका जड़ा।

16:37 (IST)11 Apr 2020
प्लेइंग इलेवन (भारत)

राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, सौरव गांगुली (कप्तान), हेमांग बदानी, दिनेश मोंगिया, अजीत अगरकर, विजय दहिया (विकेटकीपर), जहीर खान, हरभजन सिंह, जवागल श्रीनाथ।

16:37 (IST)11 Apr 2020
प्लेइंग इलेवन (ऑस्ट्रेलिया)

एडम गिलक्रिस्ट (विकेटकीपर), डेमियन मार्टिन, रिकी पोंटिंग, माइकल बेवन, स्टीव वॉ (कप्तान), एंड्रयू साइमंड्स, डैरेन लैहमेन, इयान हार्वी, शेन वॉर्न, डेमियन फ्लेमिंग, ग्लेन मैक्ग्रा।

16:32 (IST)11 Apr 2020
ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी का फैसला किया

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव वॉ ने टॉस जीता। उन्होंने गेंदबाजी का फैसला किया। पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था।