भारतीय क्रिकेट टीम से बीते 1 साल से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन के पिता प्रणब पांडे राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। पेशे से बिल्डर प्रणब रविवार (27 अक्टूबर) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल होंगे। इशान के पिता के नीतीश कुमार की पार्टी में शामिल होने की जानकारी जेडीयू के सांसद संजय झा ने मीडिया से बात करते हुए दी।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार संजय झा ने कहा, ” प्रणव पांडे मुख्यमंत्री जी के प्रति आस्था के कारण हमारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड में शामिल हो रहे हैं…इससे काफी मजबूती मिलेगी, खास तौर पर मगध में। वे भारतीय क्रिकेटर इशान किशन के पिता हैं, जो बिहार के बड़े क्रिकेटर हैं।” बता दें कि इशान घरेलू क्रिकेट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं।
कौन हैं प्रणव कुमार पांडे?
लोकसत्ता के अनुसार इशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडे पेशे से बिल्डर हैं। वह अपने परिवार के साथ पटना में रहते हैं। उनका पटना में एक मेडिकल स्टोर भी है। वह भूमिहार ब्राह्मण परिवार से हैं। प्रणब पांडे की मां सावित्री शर्मा, नवादा की पूर्व सिविल सर्जन और मशहूर महिला डॉक्टर हैं। प्रणव कुमार के पिता रामउग्रह सिंह गोरडीहा में रहते हैं और किसान हैं। इशान के पिता नवादा में पले-बढ़े और यहीं उनकी प्राथमिक शिक्षा हुई।
ऑस्ट्रेलिया में हैं इशान किशन
इस बीच इशान किशन को घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने का फायदा मिला है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली इंडिया ए टीम में चुना गया है। टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंच गई है। इशान किशन बीते साल साउथ अफ्रीका दौरे से अचानक ब्रेक लेकर भारत लौट आए थे। इसके बाद से भारतीय सीनियर टीम से बाहर हैं। इस साल की शुरुआत में उन्हें घरेलू क्रिकेट नजरअंदाज करने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया था।
य