मोर्चे से अगुआई करने वाले विराट कोहली के नाबाद शतक की बदौलत भारत ने पांचवां और आखिरी एकदिवसीय क्रिकेट मैच तीन विकेट से जीतकर श्रीलंका का 5-0 से सफाया कर दिया।
शुरुआती दो विकेट पांचवें ही ओवर में 14 रन पर गिर जाने के बाद कोहली ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 139 रन बनाए और 49वें ओवर में अजंता मेंडिस को दो छक्के लगाकर भारत को आठ गेंद बाकी रहते जीत के लक्ष्य तक पहुंचाया।
इससे पहले कप्तान एंजेलो मैथ्यूज के वनडे क्रिकेट में पहले शतक की मदद से श्रीलंका ने आठ विकेट पर 286 रन बनाए थे। कोहली ने अपनी पारी में 126 गेंदों का सामना करके 12 चौके और तीन छक्के जड़े। उन्होंने अंबाती रायडू के साथ तीसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी करके भारत को शुरुआती संकट से निकाला। रायडू ने 69 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए जो गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए।
भारत की शुरुआत काफी खराब रही जब अजिंक्य रहाणे (2) तीसरे ही ओवर में मैथ्यूज का शिकार होकर पवेलियन लौट गए। उस समय स्कोर 6 रन था और इसमें आठ रन जुड़े थे कि पिछले मैच में 264 रन की पारी खेलकर विश्व रेकार्ड बनाने वाले रोहित शर्मा अपना विकेट खो बैठे।
रोहित 9 रन बनाकर मैथ्यूज की गेंद पर चकमा खाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद कोहली और रायडू ने पारी को संभाला। रायडू 28वें ओवर में रन आउट हुए।
रायडू के जाने के बाद आए राबिन उथप्पा (19) ज्यादा देर टिक नहीं सके और मेंडिस की गेंद पर मैथ्यूज को कैच दे बैठे। भारत का चौथा विकेट 34वें ओवर में गिरा जब स्कोर 180 रन था। युवा केदार जाधव ने कप्तान के साथ 35 रन जोड़े। वह 24 गेंदों में 20 रन बनाकर मेंडिस का शिकार हुए। दूसरे छोर से विकेटों के पतन के बीच कोहली ने मोर्चा संभाल रखा था। स्टुअर्ट बिन्नी भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं रहे और मेंडिस की गेंद पर आगे निकलकर खेलने के प्रयास में चकमा खा गए और चंदीमल ने स्टंपिंग करने में चूक नहीं की।
मेंडिस ने अगली ही गेंद पर आर अश्विन (0) को पवेलियन भेजकर भारत पर दबाव बना दिया। लेकिन शृंखला में गेंद से उम्दा प्रदर्शन करने वाले युवा अक्षर पटेल ने कोहली का बखूबी साथ निभाते हुए आठवें विकेट की अटूट साझेदारी में 57 रन जोड़े। पटेल ने 14 गेंदों में दो चौकों की मदद से नाबाद 17 रन बनाए। श्रीलंका के लिए मेंडिस ने चार विकेट लिए लेकिन 73 रन भी दे डाले जबकि मैथ्यूज को दो विकेट मिले।
इससे पहले एक समय पर श्रीलंका के चार विकेट 18.3 ओवर में 85 रन पर गिर गए थे । इसके बाद मैथ्यूज ने पारी को संभाला और शृंखला में पहली बार टीम को सम्मानजनक स्कोर दिया। उन्होंने 116 गेंदों में 10 छक्कों और छह चौकों की मदद से 139 रन बनाए। उन्होंने 84 रन सिर्फ चौकों छक्कों की मदद से बनाए। लाहिरू तिरिमन्ने ने उनका बखूबी साथ देते हुए 128 रन की साझेदारी की। तिरिमन्ने ने 76 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के साथ 52 रन बनाए।
मैथ्यूज ने कर्ण शर्मा को एक्स्ट्रा कवर पर छक्का लगाकर 78 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और मैथ्यूज ने उन्हें मनचाही दिशा में मारा। श्रीलंकाई कप्तान ने अनियमित गेंदबाज अंबाती रायडू को दो छक्के और एक चौके जड़कर 100 रन की साझेदारी पूरी की। मैथ्यूज ने दूसरा अर्धशतक सिर्फ 26 गेंदों में पूरा किया। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर 92 रन था जो उन्होंने अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था।
धवल कुलकर्णी ने आखिरी ओवर बेहतरीन फेंकते हुए सिर्फ चार रन दिए और दो विकेट लिए जिससे श्रीलंकाई टीम 300 के पार नहीं पहुंच सकी। कुलकर्णी ने 57 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि अक्षर पटेल और आर अश्विन को दो-दो विकेट मिले। सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान ने 24 गेंदों में 35 रन बनाए। श्रीलंका ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4.4 ओवर में एक विकेट पर 32 रन बनाए थे। कुलकर्णी को पहले ही ओवर में तीन चौके जड़कर दिलशान ने अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।
वनडे क्रिकेट में पदार्पण करने वाले निरोशन डिकवेला (4) नाकाम रहे। कुलकर्णी की गेंद पर रायडू ने स्क्वेयर लेग में डाइव लगाकर उनका कैच लपका। उस समय तक श्रीलंका का रनरेट 6.85 था। दिलशान एक छोर से तेज बल्लेबाजी कर रहे थे। कुलकर्णी भले ही शुरू में महंगे साबित हुए लेकिन दूसरे छोर से बिन्नी ने किफायती गेंदबाजी की। उमेश यादव की गैर मौजूदगी में दोनों ने बखूबी नई गेंद संभाली। बिन्नी ने दिलशान को बोल्ड किया जबकि दिनेश चंदीमल (5) को अक्षर पटेल ने पवेलियन भेजा। जयवर्धने अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए और उन्हें अश्विन ने स्लिप में अजिंक्य रहाणे के हाथों लपकवाया।
स्कोर बोर्ड
श्रीलंका : एन डिकवाला का रायडू बो कुलकर्णी 4, तिलकरत्ने दिलशान बो बिन्नी 35, दिनेश चंदीमल का रोहित बो पटेल 5, महेला जयवर्धने का रहाणे बो अश्विन 32, एंजेलो मैथ्यूज नाबाद 139, लाहिरू तिरिमन्ने का रायडू बो अश्विन 52, तिसारा परेरा का जाधव बो पटेल 6, सीकुगे प्रसन्ना का पटेल बो कुलकर्णी 0, अजंता मेंडिस का कर्ण बो कुलकर्णी 0
कुल : आठ विकेट पर 286 रन (50 ओवरों में)
विकेट पतन : 1-32, 2-45, 3-73, 4-85, 5-213, 6-258, 7-285, 8-286
गेंदबाजी : कुलकर्णी 8-0-57-3, बिन्नी 8-1-28-1, पटेल 10-0-45-2, अश्विन 10-1-56-2, कर्ण 10-0-61-0, रायडू 4-0-33-0
भारत : अजिंक्य रहाणे बो मैथ्यूज 2, रोहित शर्मा बो मैथ्यूज 9, अंबाती रायडू रन आउट 59, विराट कोहली नाबाद 139, राबिन उथप्पा का मैथ्यूज बो मेंडिस 19, केदार जाधव बो मेंडिस 20, स्टुअर्ट बिन्नी स्टंप चंदीमल बो मेंडिस 12, आर अश्विन पगबाधा बो मेंडिस 0, अक्षर पटेल नाबाद 17,
कुल : सात विकेट पर 288 रन (48.4 ओवरों में)
विकेट पतन : 1-6, 2-14, 3-150, 4-180, 5-215, 6-231, 7-231
गेंदबाजी : मैथ्यूज 7-1-33-2, गामेगे 4-0-25-0, ईरांगा 7-0-45-0, प्रसन्ना 10-0-42-0, परेरा 3-0-20-0, मेंडिस 9.4-0-73-4, दिलशान 8-0-46-0