हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने इंडिया सी के लिए दलीप ट्रॉफी के दूसरे राउंड में इंडिया बी के खिलाफ अनंतपुर क्रिकेट ग्राउंड ‘बी’ में आठ विकेट चटकाए। तीसरे दिन पांच विकेट चटकाने के बाद, कंबोज ने रविवार (15 सितंबर) को सुबह के सत्र में तीन विकेट चटकाए और अपनी लय जारी रखी। इंडिया सी ने अभिमन्यु ईश्वरन की टीम के सामने पहली पारी में 524 रन बनाए थे।

कंबोज ने 11वें नंबर के मुकेश कुमार को आउट करके इंडिया बी की पारी को 332 रन पर समेट दिया। ईश्वरन 157 रन बनाकर नाबाद रहे।वह दलीप ट्रॉफी में एक पारी में आठ विकेट लेने वाले तीसरे तेज गेंदबाज बन गए। उनसे पहले देबाशीष मोहंती (10/46) और अशोक डिंडा (8/123) ने ऐसा किया है। ईश्वरन और एन जगदीसन ने दूसरे दिन इंडिया बी को मजबूत शुरुआत दिलाई थी, लेकिन शनिवार को कंबोज ने मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया। 23 वर्षीय कंबोज ने जगदीसन (70) को आउट करने के बाद मुंबई के सरफराज खान (16) और मुशीर खान (1) को आउट किया।

विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन

दलीप ट्रॉफी के दूसरे राउंड में अपने शानदार प्रदर्शन से पहले, कंबोज ने अपने पिछले 14 प्रथम श्रेणी मैचों में एक पारी में तीन से अधिक विकेट नहीं लिए थे। कंबोज एक ऑलराउंडर हैं, जो हरियाणा के करनाल से आते हैं। घरेलू पचास ओवरों के टूर्नामेंट के हालिया संस्करण में कंबोज ने शानदार प्रदर्शन किया था। जब हरियाणा ने पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब जीता, तो कंबोज 10 मैचों में 17 विकेट लेकर सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक थे।

ट्रेविस हेड को बोल्ड कर दिया, लेकिन गेंद नो-बॉल करार दे दी गई

कंबोज के नाम 15 लिस्ट-ए मैचों में 23 विकेट हैं। 2024 में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में पदार्पण करने से पहले, कंबोज ने केवल नौ टी20 मैच खेले थे। कंबोज का मुंबई इंडियंस के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पदार्पण काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा, जहां उन्होंने ट्रेविस हेड को बोल्ड कर दिया, लेकिन गेंद नो-बॉल करार दे दी गई। कंबोज ने मुंबई इंडियंस के लिए तीन मैचों में दो विकेट लिए।