एशिया कप 2025 के लिए चुनी गई भारतीय टीम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की 9 टीमों के खिलाड़ी चुने गए हैं। मुंबई इंडियंस (MI) के सबसे ज्यादा खिलाड़ियों का चयन हुआ। आईपीएल 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सिर्फ एक खिलाड़ी को चुना गया। कोलकाता नाइट राइडर्स के 3 खिलाड़ियों को जगह मिली। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के एक भी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ। गौतम गंभीर इस टीम के पूर्व मेंटर हैं।
मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस की ओर से भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा हैं। सूर्यकुमार टीम के कप्तान हैं। टी20 में उनकी बल्लेबाजी की काबिलियत पर कोई सवाल नहीं है। हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी हर टीम चाहती है। तिलक वर्मा टी20 में दुनिया के नंबर 2 बल्लेबाज हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स
कोलकाता नाइट राइडर्स के रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा चुने गए हैं। रिंकू सिंह को सीमित मौके मिले हैं, लेकिन उन्होंने मैच फिनिश करने की काबिलियत से प्रभावित किया है। गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद वरुण चक्रवर्ती की सीमित ओवरों के क्रिकेट में वापसी हुई है। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया। हर्षित राणा ने भारत के लिए केवल 1 टी20 मैच खेला है। शिवम दुबे के कनकशन सब्सटीट्यूट के तौर इंग्लैंड के खिलाफ खेले हर्षित ने 3 विकेट लेकर मैच पलट दिया था।
दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को चुना गया है। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में अक्षर उप-कप्तान थे। टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल में अक्षर की पारी उनकी उपयोगिता बताने के लिए काफी है। कुलदीप यादव की लंबे समय बाद टी20 टीम में वापसी हुई है। संयुक्त अरब अमीरात में कुलदीप की गेंदबाजी काफी प्रभावी हो सकती है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में इसका नमूना देखने को मिला था।
गिल का चयन भी था मुश्किल, फिर कैसे छीन गई अक्षर से उपकप्तानी; यशस्वी का कट गया पत्ता
सनराइजर्स हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद से अभिषेक शर्मा चुने गए हैं। अभिषेक फिलहाल दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं।
राजस्थान रॉयल्स
राजस्थान रॉयलेस से संजू सैमसन को टीम में जगह मिली है। संजू ने पिछले साल 3 शतक ठोके थे।
गुजरात टाइटंस
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल की भारत की टी20 टीम में उप-कप्तान के तौर पर वापसी हुई। उन्हें भविष्य के कप्तान के तौर पर देखा जा रहा है।
चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स से शिवम दुबे को जगह मिली है। नितीश कुमार रेड्डी फिट होते तो शायद शिवम को मौका न मिलता।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल 2025 का खिताब जीतने में जितेश शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। इसके कारण वह टीम में चुने गए।
पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स से अर्शदीप सिंह का चयन हुआ। भारत की टी20 टीम में बतौर तेज गेंदबाज केवल अर्शदीप सिंह की जगह पक्की है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था।
लखनऊ सुपर जायंट्स
लखनऊ सुपर जायंट्स से 2 खिलाड़ियों पर विचार किया जा सकता था। हालांकि, चोट के कारण ऋषभ पंत पर विचार ही नहीं हुआ होगा। आईपीएल 2025 में प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन मुश्किल था। इसके अलावा रवि बिश्नोई एक गेंदबाज हैं, जिन पर विचार किया जा सकता था। वरुण और कुलदीप के होने से वह नहीं चुने गए।