India vs West Indies Score, Women’s T20 World Cup 2023: भारत ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के 9वें मैच में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हरा दिया। इस टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। भारत ने 12 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल की थी। वहीं, वेस्टइंडीज की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी हार है। उसे अपने पहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था।
केपटाउन के न्यूलैंड्स में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में 6 विकेट पर 118 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ने 18.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
अब इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हरमनप्रीत कौर रचेंगी इतिहास?
भारत को जब जीत के लिए सिर्फ 4 रन चाहिए थे, तभी हरमनप्रीत कौर 32 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट हो गईं और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की ओर से 3000 रन बनाने वाले भारत की पहली महिला क्रिकेटर नहीं बन पाईं। हालांकि, अब इंग्लैंड के खिलाफ 18 फरवरी को होने वाले मैच में उनके पास यह कीर्तिमान हासिल करने का मौका होगा।
हरमनप्रीत कौर के अब टी20 इंटरनेशल में 148 मैच में 28.19 के औसत से 2989 रन हो गए हैं। इसमें उनका एक शतक और 9 अर्धशतक भी शामिल हैं। महिला टी20 इंटरनेशनल में अब तक न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स, ऑस्ट्रेलिया की मेग लेनिंग और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर ने ही 3000 रन का आंकड़ा पार किया है। हालांकि, भारत की दीप्ति शर्मा ने जरूर इतिहास रचा।
दीप्ति शर्मा टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने वाली पहली भारतीय बॉलर (पुरुष और महिला दोनों वर्गों में) बनीं। दीप्ति शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। भारत की ओर से ऋचा घोष ने फिर शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया। वह 31 गेंद में 40 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने विजयी चौका लगाया।
स्टेफनी टेलर ने वेस्टइंडीज की ओर से बनाए सबसे ज्यादा रन
इससे पहले वेस्टइंडीज की ओर से स्टेफनी टेलर ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। कैंपबेल ने भी 30 रन की उपयोगी पारी खेली। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में कहर बरपाया। उन्होंने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए। दीप्ति के अलावा रेणुका सिंह ठाकुर और पूजा वस्त्राकर ने क्रमशः 22 और 21 रन देकर 1-1 विकेट लिए।
भारतीय टीम इस मैच में दो बदलाव के साथ उतरी। स्मृति मंधाना और देविका वैद्य की वापसी हुई। यास्तिका भाटिया और हरलीन देओल को ड्राप किया गया। वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में भी एक बदलाव हुआ। जायडा जेम्स की जगह करिश्मा रामहैरक की एंट्री हुई।
भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 8वीं जीत
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 21 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इसमें से 13 में भारत ने जीत हासिल की है, जबकि 8 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम को इस फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी हार 22 नवंबर 2016 को झेलनी पड़ी थी। उसके बाद से भारतीय टीम ने 8 मैच खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है।
Women's T20 World Cup 2023, India vs West Indies: महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ यह लगातार 8वीं जीत है।
भारत ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप 2023 में लगातार दूसरी जीत हासिल की। भारतीय टीम ने मैच में शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और जीत हासिल की। पहले भारतीय बॉलर्स ने वेस्टइंडीज को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। बाद में बल्लेबाजी के दौरान पहले दो ओवर में ही स्मृति और शेफाली ने 28 रन बटोरे। ऋचा घोष और हरमनप्रीत कौर ने टीम पर दबाव नहीं आने दिया और आसानी से जीत हासिल की। दीप्ति शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।
भारत को जीत के लिए और हरमनप्रीत कौर को इतिहास रचने के लिए सिर्फ 4 रन चाहिए थे। हालांकि, हरमनप्रीत कौर इतिहास रचने से चूक गईं। वह 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कैच आउट हो गईं। उन्हें हेनरी की गेंद पर कैंपबेल ने लपका। हरमनप्रीत कौर 42 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हुईं।
17 ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 3 विकेट पर 115 रन है। उसे जीत के लिए 18 गेंद में 4 रन की जरूरत है। हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष के बीच चौथे विकेट के लिए 60 गेंद में 72 रन की साझेदारी हो चुकी है। हरमनप्रीत कौर 33 और ऋचा घोष ने 40 रन बनाए हैं।
टीम इंडिया ने 15 ओवर के बाद 3 विकेट पर 98 रन बना लिए हैं। जीत के लिए 5 ओवर में 21 रन चाहिए। हरमनप्रीत कौर 31 रन बनाकर क्रीज पर। ऋचा घोष 25 रन बनाकर क्रीज पर। दोनों के बीच 48 गेंद पर 55 रन की साझेदारी हुई।
टीम इंडिया ने 13 ओवर के बाद 3 विकेट पर 84 रन बना लिए हैं। जीत के लिए 7 ओवर में 35 रन चाहिए। हरमनप्रीत कौर 21 रन बनाकर क्रीज पर। ऋचा घोष 21 रन बनाकर क्रीज पर। दोनों के बीच 36 गेंद पर 41 रन की साझेदारी हुई।
टीम इंडिया ने 10 ओवर के बाद 3 विकेट पर 64 रन बना लिए हैं। जीत के लिए 10 ओवर में 55 रन चाहिए। हरमनप्रीत कौर 14 रन बनाकर क्रीज पर। ऋचा घोष 9 रन बनाकर क्रीज पर। दोनों के बीच 17 गेंद पर 21 रन की साझेदारी हुई।
स्टेफनी टेलर गेंद थ्रो करते समय चोटिल हो गई। उन्होंने गेंद को शॉर्ट फाइन लेग के पास फील्ड किया और ऐसा लगा कि थ्रो में चोटिल हो गई। फिजियो ने उन्हें देखा और मैदान पर स्ट्रेचर लाया गया। टेलर को मैदान से बाहर स्ट्रेचर पर ले जाया गया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया 119 चेज करते हुए बैकफुट पर है। 8वें ओवर की पहली गेंद पर शैफाली वर्मा 23 गेंद पर 28 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। हरमनप्रीत 2 रन बनाकर क्रीज पर। टीम इंडिया का स्कोर 7.1 ओवर में 3 विकेट पर 43 रन। जीत के लिए 77 गेंद पर 76 रन चाहिए।
स्मृति मंधाना के बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी पवेलियन लौट गईं। टीम इंडिया का स्कोर 5 ओवर में 2 विकेट पर 35 रन। जीत के लिए 90 गेंद पर 84 रन चाहिए। हरमनप्रीत कौर 0 और शैफाली वर्मा 22 रन बनाकर क्रीज पर।
भारत को चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर पहला झटका लगा। स्मृति मंधाना को रामहैरक की गेंद पर विलियम्स को स्टम्प किया। मंधाना 7 गेंद में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। मंधाना की जगह जेमिमा रोड्रिग्ज बल्लेबाजी के लिए आईं हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 34 रन है।
तीन ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 31 रन है। शेफाली वर्मा के 13 गेंद में 19 रन हैं। स्मृति मंधाना ने 5 गेंद में 10 रन बनाए हैं। भारत को जीत के लिए अगले 17 ओवर में 5.17 के रन रेट से 88 रन बनाने हैं।
भारत की ओर से शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की। वेस्टइंडीज के लिए शामिलिया कोनेल पहला ओवर लेकर आईं। उनकी पहली गेंद वाइड रही। इसके बाद शेफाली ने अगली दो गेंद पर चौके लगाए। शेफाली ने चौथी गेंद पर भी चौका लगाया। पहले ओवर से भारत के खाते में 14 रन आए।
वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी। कप्तान हेली मैथ्यूज दूसरे ओवर में ही 2 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गईं थीं। हालांकि, इसके बाद अनुभवी स्टेफनी टेलर और शेमेन कैंपबेल ने 73 रन की साझेदारी कर वेस्टइंडीज की वापसी कराई। भारत ने दीप्ति शर्मा के दम पर 14वें ओवर में वापसी की। इसके बाद वेस्टइंडीज की बल्लेबाज एक-एक करके पवेलियन लौटती रहीं। अब भारत के पास 6 से कम रन रेट से 119 रन का लक्ष्य है। देखना है कि स्मृति एंड कंपनी इस लक्ष्य को कितनी जल्दी हासिल कर पाती हैं।
रेणुका सिंह ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर शाबिका गजनबी को बोल्ड किया। गजनबी 13 गेंद में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। आखिरी ओवर दीप्ति शर्मा लेकर आईं। उन्होंने दूसरी गेंद पर एली फ्लेचर को बोल्ड कर दिया। फ्लेचर खाता भी नहीं खोल पाईं।
18 ओवर का खेल हो चुका है। वेस्टइंडीज का स्कोर 4 विकेट पर 107 रन है। शाबिका गजनबी के 10 गेंद में 12 रन हैं। चेडेन नेशन के 12 गेंद में 15 रन हैं। दोनों के बीच 22 गेंद में 28 रन की साझेदारी हुई है।
देविका वैद्य 15वां ओवर लेकर आईं। उनकी दूसरी गेंद पर स्मृति मंधाना के थ्रो पर ऋचा घोष ने सिनले हेनरी रन आउट किया। हेनरी 4 गेंद में 2 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। 15 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 4 विकेट पर 82 रन है।
भारत के लिए दीप्ति शर्मा 14वां ओवर लेकर आईं। उन्होंने इस ओवर की तीसरी और छठी गेंद पर भारत को सफलताएं दिलाईं। दीप्ति ने तीसरी गेंद पर कैंपबेल को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराया। आखिरी गेंद पर टेलर को एलबीडब्ल्यू किया। कैंपबेल 36 गेंद में 30 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। टेलर 40 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुईं। 14 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 3 विकेट पर 78 रन है।
12 ओवर का खेल हो चुका है। वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 66 रन है। कैंपबेल और टेलर के बीच 64 गेंद में 63 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को मैच में वापसी के लिए जल्द से जल्द विकेट चटकाना होगा।
दस ओवर का खेल हो चुक है। वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 53 रन है। इस समय क्रीज पर कैंपबेल और टेलर हैं। दोनों के बीच 53 गेंद में 49 रन की साझेदारी हो चुकी है। कैंपबेल के 21 और टेलर के 28 रन हैं।
आठ ओवर का खेल हो चुका है। वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 40 रन है। स्टेफनी टेलर के 20 गेंद में 17 रन हैं। शेमेन कैंपबेल के 22 गेंद में 19 रन हैं। दोनों के बीच 41 गेंद में 36 रन की साझेदारी हो चुकी है। आठवें ओवर से वेस्टइंडीज के खाते में 6 रन आए।
राजेश्वरी गायकवाड़ पांचवां ओवर लेकर आईं। इस ओवर की दूसरी गेंद पर कैंपबेल ने चौका लगाया। पांचवीं गेंद पर टेलर ने चौका लगाया। इस ओवर से वेस्टइंडीज के खाते में 12 रन आए। पांच ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 27 रन है।
तीसरा ओवर रेणुका सिंह लेकर आईं। उनके इस ओवर की चौथी गेंद पर कैंपबेल ने चौका जड़ा। इस ओवर से वेस्टइंडीज के खाते में 6 रन आए। चौथा ओवर पूजा वस्त्राकर ने फेंका। उनके इस ओवर से वेस्टइंडीज के खाते में 5 रन आए। चार ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 15 रन है।
पूजा वस्त्राकर दूसरा ओवर लेकर आईं। उन्होंने पहली ही गेंद पर भारत को पहली सफलता दिलाई। पूजा ने हेले मैथ्यूज विकेट के पीछे ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। पूजा की यह गेंद गुड लेंथ थी। गेंद बाहर निकली और अतिरिक्त उछाल लिया। मैथ्यूज ने कट करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर ऋचा के ग्लव्स में समा गई। मैथ्यूज 6 गेंद में 2 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उनकी जगह शेमेन कैंपबेल बल्लेबाजी के लिए आईं हैं।
वेस्टइंडीज की ओर से हेले मैथ्यूज और स्टेफनी टेलर ने पारी की शुरुआत की। भारत के लिए रेणुका सिंह ठाकुर पहला ओवर लेकर आईं। उनकी पहली गेंद वाइड रही। इस तरह वेस्टइंडीज का वाइड से खाता खुला। पहले ओवर से वेस्टइंडीज के खाते में 4 रन आए। हेले के 5 गेंद में 2 रन हैं। टेलर का अभी खाता नहीं खुला है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वह भी टॉस जीतकर बल्लेबाजी करना चाहती थीं। महिला प्रीमियर लीग की नीलामी को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि यह सबके लिए बड़ा दिन था।
हेले मैथ्यूज (कप्तान), स्टैफनी टेलर, शेमेन कैंपबेल, शाबिका गजनबी, चिनले हेनरी, चेडियन नेशन, अफी फ्लेचर, शामिलिया कॉनेल, रशादा विलियम्स (डब्ल्यू), करिश्मा रामहरैक, शकीरा सेलमैन।
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, देविका वैद्य, राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका ठाकुर सिंह।
भारत के खिलाफ मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी है। भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। स्मृति मंधाना और देविका वैद्य की भारत की आखिरी एकादश में वापसी हुई है।
ESPNCricinfo के साथ एक साक्षात्कार में वेस्टइंडीज की शामिलिया कोनेल ने कहा कि उनका मानना है कि वेस्टइंडीज की सबसे बड़ी ताकत उनकी गेंदबाजी है। उन्होंने यह भी बताया कि वह शेफाली वर्मा का सामना करने के लिए कैसे उत्सुक हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी 10 ओवर में 91 रन लुटा दिए थे। टीम इस मामले में सुधार करना चाहेगी। टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के रास्ते में उसके सामने मजबूत टीमों की चुनौती होगी। भारतीय टीम ने हाल में त्रिकोणीय सीरीज में वेस्टइंडीज को दो बार शिकस्त दी है। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को उनके बल्लेबाजों के बारे में अच्छे से पता है। गेंदबाजी के साथ-साथ पाकिस्तान के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी में भी कई खामियां दिखी। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 18वें ओवर में लगातार तीन चौके जड़ कर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। ऋचा घोष ने अगर वह पारी नहीं खेली होती तो भारत के लिए लक्ष्य हासिल करना और मुश्किल होता। बड़े शॉट लगने वाली युवा सालमी बल्लेबाज शैफाली वर्मा भी क्रीज पर सहज नहीं थीं।