भारत की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने रविवार (12 अक्टूबर) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला विश्व कप मैच के दौरान इतिहास रच दिया। वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन बनाने वाली इतिहास की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। भारतीय उप-कप्तान ने सोफी मोलिनक्स की गेंद पर छक्का लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले उन्हें इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए सिर्फ 18 रन की जरूरत थी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में स्मृति मंधाना ने गुरुवार को महिला विश्व कप मैच के दौरान एक कैलेंडर वर्ष में किसी महिला बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड तोड़ा था। 29 वर्षीय मंधाना ने पारी के आठवें ओवर में अयाबोंगा खाका की गेंद पर छक्का लगाकर बेलिंडा क्लार्क के 970 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था, जो उन्होंने 1997 में बनाए थे।
मंधाना वनडे में 5000 रन पूरे करने के भी करीब
स्मृति मंधाना अपना तीसरा वनडे विश्व कप खेल रही हैं और 2017 में इंग्लैंड में हुए विश्व कप में उपविजेता रही टीम का हिस्सा थीं। मंधाना वनडे में 5000 रन पूरे करने के भी करीब हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय और कुल मिलाकर पांचवीं महिला बल्लेबाज बन जाएंगी।
मंधाना का विश्व कप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा
शानदार रिकॉर्ड्स के बावजूद मंधाना का विश्व कप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 8, पाकिस्तान के खिलाफ 23 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 23 रन बनाए। पहले दो मैच जीत के बाद भारत को शीर्ष क्रम की नाकामी का खामियाजा साउथ अफ्रीका के खिलाफ भुगतना पड़ा। टीम वह मैच 3 विकेट से हार गई।
ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी का फैसला किया
ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने महिला विश्व कप के एक अहम मुकाबले में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने इस अहम मुकाबले में जॉर्जिया वेयरहैम की जगह स्पिन ऑलराउंडर सोफी मोलिनक्स को मैदान में उतारा। भारत ने पिछले मैच वाली वही प्लेइंग इलेवन बरकरार रखी, जिसमें उसे दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था।