महिला वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में पहले खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। टॉस जीतकर पहले खेलने उतरी कंगारू टीम ने 49.5 ओवर बल्लेबाजी करते हुए सभी 10 विकेट खोकर 338 रन बनाए। महिला वनडे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल इतिहास का यह सबसे बड़ा स्कोर बन गया है।
वहीं इससे पहले महिला वर्ल्ड कप 2025 के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने 319 रन बनाए थे और 24 घंटे में ही उसका यह रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले में भी टॉप पर अपना नाम काबिज कर लिया है। अगर महिला टूर्नामेंट के नॉकआउट इतिहास में सबसे ज्यादा स्कोर की बात करें तो 356 के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपना ही दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए इस मैच में फीबी लिचफील्ड ने 119 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं उसके बाद एलिस पेरी ने 77 और एश्लेग गार्डनर ने अंत में 63 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर स्कोर 330 पार पहुंचाया। भारत के लिए दीप्ति शर्मा और श्री चरणी को 2-2 विकेट मिले। वहीं राधा यादव, क्रांति गौड़ और अमनजोत कौर को एक-एक सफलता मिली। तीन कंगारू खिलाड़ी रनआउट हुईं।
महिला वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल इतिहास के सबसे बड़े स्कोर
| टीम | मैच | जीते | हारे | टाई | बेनतीजा | W/L | औसत | पारी | उच्चतम स्कोर | न्यूनतम स्कोर |
| ऑस्ट्रेलिया | 6* | 4 | 1 | 0 | 0 | 4 | 22.97 | 6 | 338 | 245 |
| साउथ अफ्रीका | 4 | 0 | 3 | 0 | 0 | 0 | 28.16 | 4 | 319 | 156 |
| इंग्लैंड | 5 | 2 | 2 | 0 | 0 | 1 | 22.97 | 4 | 293 | 155 |
| भारत | 4 | 2 | 2 | 0 | 0 | 1 | 24.34 | 4 | 281 | 117 |
| न्यूजीलैंड | 3 | 2 | 1 | 0 | 0 | 2 | 27.05 | 3 | 175 | 164 |
| वेस्टइंडीज | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | 18.5 | 1 | 148 | 148 |
महिला नॉकआउट चरण के सबसे बड़े स्कोर
- 356/5 – AUS-W vs ENG-W, क्राइस्टचर्च, 2022 फाइनल
- 338 – AUS-W vs IND-W, नवी मुंबई (डीवाई पाटिल), 2025 सेमीफाइनल
- 319/7 – SA-W vs ENG-W, गुवाहाटी, 2025 सेमीफाइनल
- 305/3 – AUS-W vs WI-W, वेलिंग्टन, 2022 सेमीफाइनल
कभी नहीं किया इतना बड़ा रन रेच
अगर भारतीय टीम के सबसे सफल रन रेज की बात करें तो भारत ने महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा लक्ष्य 265 का ही हासिल किया है। यानी इस मैच में 339 रन का स्कोर भारत के लिए इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज होगा अगर उसे फाइनल में जगह बनानी है। वहीं डीवाई पाटिल स्टेडियम जहां यह मैच खेला जा रहा हैं वहां भी भारत को अगर जीतना है तो ऐतिहासिक चेज करना होगा। इस मैदान पर टीम इंडिया पहली बार चेज करने उतरेगी।
भारत के महिला वनडे में सबसे सफल चेज
- 266/8 बनाम ऑस्ट्रेलिया , 2021
- 262/6 बनाम इंग्लैंड, 2025
- 252/4 बनाम न्यूजीलैंड, 2022
- 248/5 बनाम साउथ अफ्रीका, 2019
- 245/9 बनाम साउथ अफ्रीका, 2017
