SuryaKumar Yadav Completes 1000 T20I Runs in 2022: जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार यादव ने एक और कीर्तिमान छुआ। वह 2022 में 1000 या उससे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए। सूर्यकुमार यादव ने अपनी 28वीं टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी यह मुकाम हासिल किया। सूर्यकुमार यादव इस कैलेंडर ईयर 1000 टी20 इंटरनेशनल बनाने वाले अभी दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।

सूर्यकुमार यादव ने 2022 में अब तक 28 मैच में 5 बार नाबाद रहते हुए 44.60 के औसत और 186.54 की स्ट्राइक रेट से 1026 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और 9 अर्धशतक भी शामिल हैं। साल 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान हैं।

मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) ने इस साल अब तक 23 मैच की 23 पारियों में 46.20 के औसत और 122.70 की स्ट्राइक रेट से 924 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं। विराट कोहली (Virat Kohli) ने 2022 में अब तक 19 मैच में 56.23 के औसत और 139.23 की स्ट्राइक रेट से 731 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।

चौथे नंबर पर श्रीलंका के पथुम निसानका (Pathum Nissanka Silva) हैं। उन्होंने 24 मैच की 24 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 31.00 के औसत और 112.99 की स्ट्राइक रेट से 713 रन बनाए हैं। पांचवें नंबर पर जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा हैं। सिकंदर रजा (Sikandar Raza) ने 2022 में 24 मैच की 22 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 35.05 के औसत और 151.40 की स्ट्राइक रेट से 701 रन बनाए हैं। इसमें उनके 5 अर्धशतक भी शामिल हैं।

आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में टॉप-3 स्कोरर में पहुंचे सूर्यकुमार यादव

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार यादव (SuryaKumar Yadav) 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 25 गेंद में 61 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में श्रीलंका के कुसल मेंडिस को पछाड़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने टी20 विश्व कप 2022 में अब 5 मैच में 75.00 के औसत और 193.97 के स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप 2022 में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 25 चौके लगाए हैं।