बीसीसीआई ने गुरुवार को सूर्यकुमार यादव को टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान चुना है। रोहित शर्मा के टी20 से संन्यास लेने के बाद यह पद खाली था। इस ऐलान के साथ ही टी20 रोहित शर्मा के उत्तराधिकारी का भी फैसला हो गया। विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान बनाया गया है। सूर्यकुमार यादव को कप्तानी उस समय मिली है जब टीम के हेड कोच गौतम गंभीर हैं।

गौतम गंभीर ने दी थी अहम जिम्मेदारी

गौतम गंभीर ने नौ साल पहले ही सूर्यकुमार यादव को कप्तान के तौर पर ग्रूम करने का फैसला किया था। उस समय यह दोनों आईपीएल की फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक साथ खेलते थे। साल 2015 में जैक कालिस ने जब केकेआर की उप-कप्तानी छोड़ी तो गंभीर ने यह जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव को देने का फैसला किया था।

गंभीर को सूर्यकुमार में दिखता था लीडर

उन्होंने उस समय में मुंबई इंडियंस के खिलाफउस सीजन के पहले मैच से पहले कहा था. ‘हमने हमेशा से उन्हें मैदान के बाहर एक लीडर के तौर पर देखा है और हम उन्हें ग्रूम करना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि वह जल्द ही परिपक्व हो जाए, समझदार हो जाए और अपनी भावनाओं पर काबू करना सीखे। वह आगे जाकर एक अच्छा खिलाड़ी बनेगा।’

गौतम गंभीर का सबसे बड़ा अफसोस

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने कुछ दिन पहले सूर्यकुमार यादव को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने बताया कि कोलकाता नाइट राइडर्स के दौरान अपने कार्यकाल के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि सात साल के उनके करियर का सबसे बड़ा अफसोस सूर्यकुमार यादव थे। वह सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी प्रतिभा का पूरी तरह फायदा नहीं उठा पाए। यही उनका अफसोस है।