IND vs SL: भारतीय ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ सुपर 4 मुकाबले में जैसे ही 34 रन बनाए उन्होंने एशिया कप का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के नाम पर दर्ज था। अभिषेक ने इस मैच में तूफानी शुरुआत की और अपने जाने-माने अंदाज में बैटिंग करते हुए नजर आए।

अभिषेक ने तोड़ा मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ अपनी पारी के दौरान अभिषेक ने जैसे ही 34 रन बनाए वो टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गए। उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने 2022 में एशिया कप में 281 रन बनाए थे। अभिषेक अब उनसे आगे निकल गए और उन्होंने विराट कोहली को भी पीछे छोड़ा। अभिषेक अब भारत की तरफ से टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर भी बन गए।

टी20 एशिया कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन

अभिषेक शर्मा- 309 रन
मोहम्मद रिजवान- 281 रन
विराट कोहली- 276 रन

अभिषेक ने 22 गेंदों पर लगाया अर्धशतक

श्रीलंका के खिलाफ अभिषेक ने 22 गेंदों पर अर्धशतक चौके के साथ पूरा किया। इस टूर्नामेंट में ये उनका तीसरा अर्धशतक रहा। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान अभिषेक ने 2 छक्के और 7 चौके लगाए। अभिषेक ने अपना अर्धशतक पावरप्ले में पूरा किया और टी20आई में उन्होंने दूसरी बार अपना अर्धशतक पावरप्ले में लगाया। उन्होंने इस मैच में 31 गेंदों पर 2 छक्के और 8 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली।

भारत के लिए लगातार तीन टी20आई मैचों में 50+ रन बनाने का रिकॉर्ड

विराट कोहली (3 बार)
केएल राहुल (2 बार)
सूर्यकुमार (2 बार)
रोहित शर्मा (1 बार)
श्रेयस अय्यर (1 बार)
अभिषेक शर्मा (1 बार)

टी20आई टूर्नामेंट/सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर (फुल मेंबर टीमें)

331 रन – फिल सॉल्ट बनाम वेस्टइंडीज, 2023 (5 इनिंग्स)
319 रन – विराट कोहली, टी20 वर्ल्ड कप 2014 (6 इनिंग्स)
317 रन – तिलकरत्ने दिलशान, टी20 वर्ल्ड कप 2009 (7 इनिंग्स)
316 रन – मोहम्मद रिजवान बनाम इंग्लैंड, 2022 (6 इनिंग्स)
309 रन – अभिषेक शर्मा, एशिया कप 2025 (6 इनिंग्स)