भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 6 दिसंबर शनिवार को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। पहली बार इस मैदान पर यह दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम के लिए उससे पहले एक अच्छी खबर है रोहित और विराट के इस मैदान पर आंकड़े। वाइजैग के डॉ. वाई एस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में कोहली और हिटमैन दोनों का अभी तक जलवा रहा है।
यहां विराट कोहली के आंकड़े इतने अच्छे हैं कि उनके भारत के किसी भी वेन्यू पर सबसे ज्यादा रन की बात करें तो वह यहीं आए हैं। वह वाइजैग में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप पर हैं। वहीं रोहित शर्मा इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। यह दोनों ही धाकड़ खिलाड़ी एमएस धोनी और युवराज सिंह से भी इस मैदान पर रन बनाने के मामले में सबसे आगे हैं।
विशाखापत्तनम में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
| खिलाड़ी | मैच | पारी | नॉट आउट | रन | उच्चतम स्कोर | औसत | स्ट्राइक रेट | शतक | अर्ध-शतक | चौके | छक्के |
| विराट कोहली | 7 | 7 | 1 | 587 | 157* | 97.83 | 100.34 | 3 | 2 | 53 | 6 |
| रोहित शर्मा | 7 | 7 | 1 | 355 | 159 | 59.16 | 99.43 | 1 | 2 | 35 | 11 |
| एमएस धोनी | 7 | 5 | 1 | 260 | 148 | 65.00 | 104.83 | 1 | 1 | 22 | 10 |
| शाय होप | 2 | 2 | 1 | 201 | 123* | 201.00 | 91.78 | 1 | 1 | 17 | 6 |
| युवराज सिंह | 4 | 4 | 1 | 196 | 95* | 65.33 | 85.58 | – | 2 | 21 | 4 |
| शिखर धवन | 4 | 4 | 1 | 164 | 100* | 54.66 | 106.49 | 1 | – | 22 | 3 |
| विरेंद्र सहवाग | 3 | 3 | – | 146 | 74 | 48.66 | 122.68 | – | 1 | 22 | 2 |
| लेंडल सिमंस | 2 | 2 | – | 140 | 78 | 70.00 | 79.54 | – | 2 | 13 | 2 |
| श्रेयस अय्यर | 2 | 2 | – | 118 | 65 | 59.00 | 124.21 | – | 2 | 11 | 2 |
कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
विशाखापत्तनम में अब टीम इंडिया के रिकॉर्ड की बात करें तो उसने अभी तक 10 वनडे मैच यहां खेले हैं। जिसमें से सात में भारत को जीत मिली है और दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। एक मुकाबला टाई हुआ है। भारत ने पिछली बार 2023 में यहां वनडे मैच खेला था और ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से टीम को करारी शिकस्त दी थी। ऑस्ट्रेलिया के अलावा एकमात्र मैच यहां भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ हारा है।
कुलदीप यादव ने लिए सबसे ज्यादा विकेट
वाइजैग में रनों के मामले में विराट कोहली का जलवा है तो गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने कमाल का प्रदर्शन इस मैदान पर किया है। रांची वनजे में चार विकेट लेने वाले चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव तीसरे वनडे में भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। उनके नाम यहां सबसे ज्यादा 4 मैचों में 9 विकेट दर्ज हैं। जबकि रविंद्र जडेजा भी इस मैदान पर पांच मैचों में पांच विकेट ले चुके हैं। इस सीरीज में जडेजा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है।
