साउथ अफ्रीका में इन दिनों राम नाम चर्चा में है। अफ्रीका के दौरे पर गई टीम इंडिया के मैचों के दौरान स्टेडियम में लगातार राम सिया राम गाना बजाया जाता है। पहले केएल राहुल इसका जिक्र करते हुए दिखाई दिए। वहीं भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली भी मैदान पर छा गए जो कि बीच मैदान में भगवान राम की तरह एक्ट करते नजर आए।
विराट कोहली ने उठाया धनुष
साउथ अफ्रीका की पारी का 16वां ओवर चल रहा था। केशव महाराज स्ट्राइक पर थे। उसी समय स्टेडियम में राम सिया राम गाना बजने लगा। विराट कोहली फील्डिंग कर रहे थे। गाना बजते ही वह भगवान राम की तरह हाथों से धनुष बनाकर बाण चलाते हुए नजर आए। वहीं फिर हाथ जोड़कर प्रणाम भी किया।
केशव महाराज के लिए बजाया जाता है राम सिया राम
इससे पहले केएल राहुल ने विकेटकीपिंग करते हुए केशव महाराज से कहा था कि जब भी वह क्रीज पर आते हैं तो यही गाना बजाया जाता है। केशव महाराज ने भी सहमति जताई थी। महाराज हिंदू धर्म को फॉलो करते हैं और भारत के दौरों पर मंदिर में जरूरत जाते हैं।
सिराज के सामने साउथ अफ्रीका ने टेके घुटने
मोहम्मद सिराज के दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर भारतीय तेज गेंदबाजों में सबसे कातिलाना स्पैल फेंकने से मेजबान टीम बुधवार को दूसरे और आखिरी टेस्ट के शुरुआती दिन लंच तक अपने न्यूनतम 55 रन के स्कोर पर सिमट गयी। सिराज ने नौ ओवर के अपने पहले स्पैल में 15 रन देकर छह विकेट झटककर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
23.2 ओवर में ऑलआउट हुआ साउथ अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज उनके पिच से हासिल किये गये असमान उछाल और मूवमेंट से निपटने में असफल रही। सिराज से पहले देश के 92 वर्ष के टेस्ट इतिहास में इस तरह का शानदार प्रदर्शन बायें हाथ के स्पिनर मनिंदर सिंह के नाम है जिन्होंने 1986-87 में बेंगलुरु में पाकिस्तान के खिलाफ लंच से पहले पांच विकेट झटकने की उपलब्धि हासिल की थी। बुधवार को उमस भरी सुबह दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को सिराज की तेजी, स्विंग और सीम मूवमेंट का सामना करने में परेशानी हुई जिससे पूरी टीम पहली पारी में महज 23.2 ओवर में पवेलियन पहुंच गयी।