INDIA Vs SOUTH AFRICA, 1ST T20I: भारतीय क्रिकेट टीम ने 28 सितंबर 2022 की रात 3 मैच की सीरीज के पहले टी20 में साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम की जीत में अर्शदीप सिंह और दीपक चाहर ने गेंदबाजी और सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल ने बल्लेबाजी से अहम योगदान दिया।
सूर्यकुमार यादव और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत उपलब्धियों से भी भरा रहा। इस मैच में सूर्यकुमार ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को भी पीछे छोड़ा। रोहित शर्मा ने पूर्व कप्तान एमएस धोनी को पछाड़ दिया।
शुरुआत कप्तान से करते हैं। रोहित शर्मा टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान एक साल में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने जनवरी 2022 से अब तक 16 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी का 6 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। एमएस धोनी ने 2016 में 15 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते थे।
रोहित शर्मा ने इस साल 21 टी20 इंटरनेशनल मैच में कप्तानी की है। इसमें से उन्होंने 16 जीते हैं, जबकि 5 में हार का सामना किया है। ओवरऑल बात करें तो रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान अब तक 43 टी20 मुकाबलों में भारतीय टीम की अगुआई की है। इसमें से उन्होंने 34 में जीत हासिल की है।
सूर्यकुमार यादव इकलौते भारतीय क्रिकेटर हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 6 बार 150 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ 50 या उससे ज्यादा का स्कोर किया है। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ दिया।
सूर्यकुमार टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बने
सूर्यकुमार यादव ने इस साल अब तक 21 मैच में 40.66 के औसत और 180.29 के स्ट्राइक रेट से 732 रन बनाए हैं। इसमें उनके 63 चौके और 45 छक्के शामिल हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रिजवान के नाम था। रिजवान ने 2021 में 29 मैच में 73.66 के औसत और 134.89 के स्ट्राइक रेट से 1326 रन बनाए थे। उसमें उनके 119 चौके और 42 छक्के शामिल थे।
इसके अलावा सूर्यकुमार टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय भी बन गए हैं। उन्होंने 28 सितंबर की रात टी20 क्रिकेट में अपने 200 छक्के भी पूरे किए। वह SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों की हर टीम के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बन गए हैं।