साउथ अफ्रीका के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला। वह 4 रन बनाकर आउट हुए। कगिसो रबाडा ने उनका विकेट झटका। रोहित शर्मा का नाम दुनिया के बेहरीन पुल शॉट खेलने वाले बल्लेबाजों में लिया जाता है, लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार, 26 दिसंबर को वह सीधे फाइन लेग पर खड़े नांद्रे बर्गर के हाथ में मार बैठे।

India vs South Africa 1 Test Match Live Score: Watch Here

साउथ अफ्रीका में रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेट में बल्ला कभी नहीं चला है। उनके खराब प्रदर्शन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रविचंद्रन अश्विन से भी उनका औसत कम है। रोहित शर्मा 9 पारियों में सिर्फ 2 बार 20 से ज्यादा का स्कोर बना पाए हैं। उनका औसत 14.22 का है। अश्विन का औसत 18 के करीब का है।

रोहित शर्मा का टेस्ट में साउथ अफ्रीका में प्रदर्शन

रोहित शर्मा ने 2013 से 2023 के साउथ अफ्रीका में अबतक 5 टेस्ट की 9 पारी में 14.22 की औसत से 128 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 47 है। 9 पारियों मे उनका स्कोर 14,6,0,25,11,10,10,47 और 5 रहा है। चोटिल होने के कारण रोहित 2020-21 में साउथ अफ्रीका दौरे पर नहीं आए थे। भारत वह सीरीज 2-1 से हारा था। विराट कोहली की कप्तानी में वह भारत की आखिरी टेस्ट सीरीज थी।

रविचंद्रन अश्विन का साउथ अफ्रीका में बल्ले से प्रदर्शन

रविचंद्रन अश्विन ने साउथ अफ्रीका में 7 मैच की 12 पारियों में 17.90 की औसत से 197 रन बनाए हैं। 46 उनका सर्वोच्च स्कोर है। सेंचुरियन टेस्ट में वह नंबर 7 पर बल्लेबाजी करते दिखेंगे। अश्विन निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। 95 टेस्ट में उनके 3185 रन हैं। 5 शतक और 14 अर्धशतक जड़े हैं।

वर्ल्ड कप 2023 के बाद पहली बार खेले रोहित शर्मा

रोहित शर्मा, 19 नवंबर को वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ देने वाली हार के बाद पहली बार मैदान पर उतरे। साउथ अफ्रीका ने सेंचुरियन में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। प्रसिद्ध कृष्णा ने टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया। रविचंद्रन अश्विन को रविंद्र जडेजा के अनफिट होने के कारण मौका मिला।